हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। गोहर उपमंडल के तहत भलोठी जाछ गांव में एक निर्माणाधीन मकान में काम करते समय एक 30 वर्षीय मजदूर की चौथी मंजिल से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अपने पीछे तीन मासूम बच्चों, पत्नी और बुजुर्ग माता-पिता को बेसहारा छोड़ गया है। मृतक की पहचान विनय उर्फ वीर सिंह (30) निवासी भलोठी जाछ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार विनय गांव में ही बन रहे एक नए आलीशान घर में शटरिंग का काम कर रहा था। वह मकान की चौथी मंजिल (करीब 40 फुट ऊंचाई) पर काम कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसला और वह सीधे नीचे आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन विनय की सांसों ने रास्ते में ही साथ छोड़ दिया। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विनय बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था और घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह अपने बूढ़े माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। जिस वक्त पूरा देश होली के जश्न में डूबा था, उस वक्त विनय के घर में उसके अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इस घटना ने एक हंसते-खेलते गरीब परिवार की दुनिया उजाड़ दी है। अब परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।







