वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: कुल्लू में लिव-इन रिलेशनशिप का खौफनाक अंजाम, प्रेमिका के बिस्तर पर मिली सरकारी कर्मचारी की लाश

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की ऊझी घाटी स्थित पतलीकूहल में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की महिला लिव-इन पार्टनर को हिरासत में लिया है। मृतक सरकारी स्कूल में चपरासी के पद पर कार्यरत था।

मृतक की पहचान रंजीत सिंह पुत्र दावा राम निवासी गांव लोमच, तहसील उदयपुर (जिला लाहौल-स्पीति) के रूप में हुई है। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाहलमा में चपरासी था। पुलिस को दिए बयान में मृतक रंजीत सिंह की पत्नी ने बताया कि उसका पति पिछले करीब पांच वर्षों से पतलीकूहल निवासी एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार 9 मार्च की रात रंजीत सिंह उक्त महिला के कमरे पर गया था। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और झगड़ा हुआ। अगली सुबह, 10 मार्च को उसी महिला ने पुलिस को सूचना दी कि रंजीत सो कर नहीं उठ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो रंजीत सिंह का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। पुलिस ने जब शव की जांच की तो मृतक के गले, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट और खरोंच के निशान पाए गए, जिससे हत्या का शक गहरा गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। कुल्लू के एसपी मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी लिव-इन पार्टनर को हिरासत में लिया गया है और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा और उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

कुल्लू घाटी में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। पिछले तीन महीनों के भीतर क्षेत्र में यह हत्या का पांचवां मामला सामने आने से इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!