हिमाचल प्रदेश की वह जोड़ीदार भाई, जिन्होंने एक ही लड़की से शादी रचाकर पूरे देश की सुर्खियां बटोरी थीं, अब उनके घर से बहुत बड़ी और प्यारी ‘गुड न्यूज’ सामने आई है। ‘तीन जिस्म, एक जान’ वाला यह परिवार अब जल्द ही तीन से चार होने वाला है। इस खुशियों वाले घर में नन्ही किलकारी गूंजने वाली है, जिसका ऐलान खुद पति-पत्नी ने कैमरे के सामने आकर किया है।
इस परिवार का छोटे बेटा फिलहाल विदेश में हैं, जबकि बड़े भाई ने घर पर अपनी पत्नी के साथ एक बेहद प्यारा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर फैंस के साथ शेयर किया है। वीडियो के साथ उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए एक खूबसूरत कैप्शन भी लिखा है। उन्होंने लिखा- “सबको बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमारी ज़िंदगी में एक छोटी सी खुशखबरी आने वाली है… जोड़ीदार भाई की पत्नी जल्द ही मां बनने वाली है।”
गौरतलब है कि यह मशहूर परिवार हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई इलाके का है। बड़े भाई का नाम प्रदीप नेगी है, जो हिमाचल के जलशक्ति विभाग में कार्यरत हैं। वहीं, छोटे भाई कपिल नेगी विदेश में नौकरी करते हैं। इन दोनों सगे भाइयों ने सदियों पुरानी जोड़ीदार प्रथा (बहुपति विवाह) को निभाते हुए जुलाई 2025 में सुनीता चौहान के साथ सात फेरे लिए थे। शादी के इस अनोखे फैसले ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा था। और अब, शादी के कुछ ही महीनों बाद इस परिवार के आंगन में जिंदगी की एक और बड़ी खुशी दस्तक दे रही है।
प्रदीप नेगी ने पत्नी सुनीता के साथ बनाए गए वीडियो में प्रेगनेंसी की जानकारी देते हुए बताया कि उनके चाहने वाले और बहुत सारे लोग लगातार कमेंट्स करके पत्नी के बारे में पूछ रहे थे। लोगों की इसी उत्सुकता को देखते हुए अब उन्होंने खुलकर इसका ऐलान कर दिया है। वीडियो में दोनों के चेहरों पर माता-पिता बनने की खुशी साफ झलक रही है।
वैसे तो सिरमौर का यह एक बेहद आम परिवार था। जुलाई 2025 से पहले इन्हें शायद ही कोई जानता था, लेकिन जोड़ीदार प्रथा के तहत हुई इस अनोखी शादी के बाद सोशल मीडिया और न्यूज़ चैनलों के जरिए पूरे देश ने इन्हें जाना। आज इनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है और लोग इनकी जिंदगी से जुड़े अपडेट्स जानना पसंद करते हैं।







