वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: तीन दिन पहले हुई थी लव मैरिज, हनीमून मनाने निकले पति-पत्नी होटल में चिट्टे के साथ गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। तीन दिन पहले लव मैरिज कर हनीमून मनाने निकला एक नवविवाहित जोड़ा होटल के कमरे में चिट्टे के साथ पकड़ा गया है। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से नशे की एक बड़ी खेप बाजार में जाने से रुक गई। पकड़ी गई आरोपी महिला कांगड़ा जिले के पालमपुर की रहने वाली है, जबकि उसका नया-नवेला पति मंडी का निवासी है। हैरानी की बात यह है कि दुल्हन के हाथों में अभी शादी की मेहंदी रची थी, कलाई में लाल चूड़ा था और मांग में सिंदूर भरा था। नई नवेली दुल्हन के इसी सुहागिन लिबास की आड़ में वह दूसरी सुहागिनों का सुहाग उजाड़ने निकली थी। पुलिस को चकमा देने के लिए इस जोड़े ने नवविवाहित होने का फायदा उठाने की कोशिश की, ताकि उन पर कोई शक न करे।

होटल के कमरा नंबर 303 में रुका हुआ था नवविवाहित जोड़ा

घटना मंगलवार की है, जब यह जोड़ा सुंदरनगर के एक होटल में रुका हुआ था। इसी दौरान किसी को इन पर शक हुआ और पुलिस को गुप्त सूचना दी गई कि होटल के कमरा नंबर 303 में कुछ गड़बड़ है। सूचना मिलते ही दोपहर करीब अढ़ाई बजे पुलिस ने कमरे के दरवाजे पर दस्तक दी। पुलिस को देखते ही दोनों के होश उड़ गए। कमरे की तलाशी लेने पर उनके पास से 21 ग्राम से ज्यादा चिट्टा और साढ़े 19 हजार रुपए की नकदी बरामद हुई। चिट्टे की 21 ग्राम मात्रा बहुत बड़ी मानी जाती है, जो कई युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने के लिए काफी थी।

कुख्यात मोमबत्ती की बहू है आरोपी, फैमिली बिजनैस बना नशे का कारोबार

इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पकड़ा गया युवक मंडी शहर की कुख्यात महिला नशा तस्कर का बेटा है। उसकी मां इलाके में मोमबत्ती के नाम से मशहूर है। यह ऐसी मोमबत्ती है जो घरों को रोशन नहीं करती, बल्कि रोशन घरों में नशे की आग लगाकर अंधेरा कर देती है। मोमबत्ती ने नशे की काली कमाई से अपना साम्राज्य खड़ा किया है और कई बार चिट्टे के साथ रंगे हाथों पकड़ी जा चुकी है। फिलहाल वह बेल (जमानत) पर बाहर है, लेकिन अब उसके बेटे और बहू ने इस काले कारोबार को अपना फैमिली बिजनैस बना लिया था।

जांबाज महिला अधिकारी की जमकर हो रही तारीफ

इस मामले में हिमाचल पुलिस की जांबाज महिला अधिकारी की भी जमकर तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में एक तरफ अपना चेहरा छिपाए वह आरोपी महिला है जो समाज को बर्बाद कर रही थी, और दूसरी तरफ लगभग उसी उम्र की वह शेरनी पुलिस अधिकारी है, जिसने इस समाज के दुश्मनों को पकड़ा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आस-पास कोई इस तरह का नशे का धंधा करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि हिमाचल को नशामुक्त बनाया जा सके।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!