वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: 1500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार के उड़े परखच्चे, पंजाब के 3 पर्यटकों की थमीं सांसें, 3 घायल

हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामला प्रदेश के चंबा जिले से सामने आया है, जहां पर्यटकों से भरी एक कार गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,यह हादसा चंबा जिले के डल्हौजी क्षेत्र के तहत आने वाले करेलनू इलाके में देर रात हुआ। यहां पर्यटकों की एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और लगभग 1500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चार लोगों में से एक ने पठानकोट अस्पताल ले जाते समय बीच रास्ते में दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें तीन युवक और तीन युवतियां शामिल थीं। ये सभी पर्यटक पंजाब के जालंधर के रहने वाले बताए जा रहे हैं और वहां किसी स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत थे। ये सभी छुट्टियां मनाने डलहौजी घूमने आए हुए थे। दुर्घटना का पता चलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और खाई से निकालकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

हादसे का शिकार हुए युवक-युवतियों की उम्र 18 से 25 साल के बीच बताई गई है। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय सिमरन प्रीत कौर (पुत्री परमजीत सिंह, निवासी गांव नूरपुर लुवाना, जिला कपूरथला, पंजाब) और 25 वर्षीय सुरेन्द निवासी पूर्णपुरा, डाकघर रामामंडी, जिला जालंधर, (पंजाब) के रूप में हुई है, जिनकी मौके पर मौत हुई। वहीं, सोफिया नाम की युवती की हालत गंभीर होने पर उसे सिविल अस्पताल डलहौजी से पठानकोट रैफर किया गया था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

इस हादसे में घायल अन्य तीन लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। 21 वर्षीय प्रिंस पुत्र बलजीत सिंह, निवासी अमृतसर, (पंजाब) की हालत गंभीर होने के कारण उसे भी पठानकोट रैफर किया गया है। इसके अलावा, सुमन प्रीत (19) पुत्री जगरूप सिंह, निवासी गांव लागों देवा, जिला फिरोजपुर, (पंजाब) तथा बलबीर सिंह (20) पुत्र जगतार सिंह, निवासी सैणा भदोड़, तहसील व जिला बरनाला, (पंजाब) का डल्हौजी के स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने इस पूरे मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर यही माना जा रहा है कि चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!