हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस थाने के भीतर एक महिला ने अपने पति की रिहाई के लिए जमकर हंगामा किया। पुलिस द्वारा पति को छोड़ने से मना करने पर महिला आवेश में आ गई और थाने की छत पर चढ़ गई। जब महिला को रैस्क्यू किया जाने लगा तो इस दौरान पैर फिसलने से वह नीचे बालकनी पर गिर गई। इस घटना ने पुलिस महकमे के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।
जानकारी के अनुसार घटना कुल्लू सदर पुलिस थाना की है। डोभी इलाके की रहने वाली रितु देवी रविवार दोपहर थाने पहुंची थी। दरअसल, पुलिस ने एक दउसके पति विकास कुमार को शराब के नशे में मारपीट और हुड़दंग करने के आरोप में हिरासत में लिया था। जैसे ही रितु देवी को यह पता चला तो वह थाने पहुंच गई और पुलिस कर्मियों पर पति को तुरंत रिहा करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने जब कानून और नियमों का हवाला देते हुए आरोपी को छोड़ने से इंकार कर दिया, तो महिला उग्र हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थाने पहुंची महिला उस समय खुद भी शराब के नशे में धुत नजर आ रही थी। जब पुलिस ने उसकी बात नहीं मानी, तो उसने हंगामा शुरू कर दिया और बार-बार धमकी देने लगी कि यदि उसके पति को रिहा नहीं किया गया, तो वह अपनी जान दे देगी। पुलिसकर्मी अभी उसे शांत करने और समझाने का प्रयास कर ही रहे थे कि महिला अचानक दौड़कर थाने की छत की ओर भागी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या उसे रोक पाता, वह छत पर चढ़ गई। पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाया और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन रैस्क्यू के दौरान महिला का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गई।
महिला के छत से नीचे गिरते ही थाने में अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। गनीमत यह रही कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद महिला को जानलेवा चोटें नहीं आईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि महिला के पैरों में हल्की चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद थाने की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर महिला छत तक कैसे पहुंच गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मदन लाल कौशल ने आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि महिला छत तक कैसे पहुंची। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए थाने की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी।







