वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: रिटायर्ड फौजी ने पारिवारिक विवाद में बहू पर चलाई गोली, बीच-बचाव करने आया पोता गंभीर रूप से घायल

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के लोहारा गांव में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक सेवानिवृत्त फौजी ने पारिवारिक झगड़े के दौरान अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी, जिसमें उसका अपना ही पोता गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में आरोपी की बहू मनीषा चौधरी (30) ने बताया कि उसके ससुर बहादुर सिंह अक्सर शराब के नशे में गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। रविवार शाम करीब 7:30 बजे भी आरोपी नशे में धुत होकर मनीषा और उसके पति भूपेंद्र के साथ झगड़ा कर रहा था। विवाद इतना बढ़ा कि बहादुर सिंह ने मनीषा पर अपनी बंदूक तान दी। शोर सुनकर जेठ का बेटा उमेश चौधरी मौके पर बीच-बचाव करने पहुंचा। इसी दौरान आरोपी ने मनीषा पर फायर कर दिया, लेकिन गोली उमेश की दाईं कलाई को चीरती हुई उसके कुल्हे में जा लगी। फायरिंग के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। मनीषा और उसके पति ने साहस दिखाते हुए आरोपी से बंदूक छीन ली।

गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और घायल उमेश को तुरंत नेरचौक मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से उसे एम्स बिलासपुर भेजा गया, लेकिन हालत में सुधार न होने और स्थिति नाजुक बनी रहने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। वारदात के बाद गुस्साए परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों ने आरोपी बहादुर सिंह की जमकर धुनाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया है। फिलहाल आरोपी का इलाज पुलिस कस्टडी में एम्स बिलासपुर में चल रहा है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस और लाइसेंसी हथियार को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!