वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: दोस्त ही बन गए जान के दुश्मन…20 दिन बाद खेत ने उगला राज, मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर में पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश किया है। आपसी विवाद में एक प्रवासी मजदूर की हत्या कर उसके शव को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से खेत में दफना दिया गया था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और तत्परता से कार्रवाई करते हुए न केवल जमीन में दबे शव को बरामद किया, बल्कि बिहार से मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं 2 आरोपी फरार हैं, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस जांच के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय राम प्रवेश राम निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है, जो बसंतपुर में भवन निर्माण कार्य में मजदूरी करता था। घटना 3 और 4 मार्च 2026 की रात की बताई गई है। उस दिन राम प्रवेश का अपने ठेकेदार और साथियों के साथ किसी बात को लेकर हिंसक विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी और जुर्म छिपाने के लिए शव को पास के ही एक खेत में गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया।

राम प्रवेश का मोबाइल लगातार बंद आने पर उसके परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। 15 मार्च 2026 को मृतक के पिता चतुरी राम ने सुन्नी थाने में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच करते हुए हर पहलू को ध्यान से परखा। जांच के दौरान साक्ष्यों और तथ्यों का मिलान किया गया, जिसमें कई अहम बातें सामने आईं। इसी जांच में यह खुलासा हुआ कि लापता युवक का अपहरण उसके ही तीन दोस्तों मुख्य आरोपी अरुण कुमार और उसके दो साथियों विकेश कुमार और महेश कुमार ने मिलकर किया था।

संदेह के आधार पर पुलिस ने 23 मार्च को लापता युवक की तलाश में बसंतपुर में दबिश दी, लेकिन किराए का कमरा खाली मिला। इसके बाद पुलिस ने कमरे को सील कर दिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी बीच सुन्नी मार्ग पर झाड़ियों में एक संदिग्ध बोरा और कंबल बरामद हुआ। जब पुलिस ने आसपास जांच की, तो थोड़ी दूरी पर खेत के कोने में ताजी खोदी हुई मिट्टी दिखाई दी। इससे पुलिस का शक और गहरा गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर स्थानीय लोगों की मौजूदगी में खुदाई करवाई, जहां से राम प्रवेश का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों और मकान मालिक ने शव की शिनाख्त की। इसके बाद, शिमला पुलिस की एक विशेष टीम ने बिहार में दबिश दी और मुख्य आरोपी अरुण कुमार (निवासी पूर्वी चंपारण) को मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर लिया।

सुन्नी थाना प्रभारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या, अपहरण और साक्ष्य मिटाने की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी विकेश कुमार और महेश कुमार फिलहाल फरार हैं। उनकी धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी है और पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!