वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

नशे की लत ने किया अंधा: 3 माह के मासूम को छोड़ चिट्टा लेने पंजाब पहुंच गए पति-पत्नी, मंडी में ऐसे हुए गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश में पुलिस नशे के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है, लेकिन ड्रग तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। चिंताजनक बात यह है कि अब इस काले धंधे में महिलाओं की संलिप्तता भी तेजी से बढ़ रही है। ताजा मामला प्रदेश के मंडी जहां से सामने आया है, जहां पुलिस ने चिट्टे की खेप के साथ एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस द्वारा यह कार्रवाई जिला मंडी के कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर शनिवार रात को की गई। पुलिस ने अलसू चौक के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया। कार में बैठी महिला की संदिग्ध हरकतों को देखकर पुलिस का शक गहरा गया। पूछताछ में कार चालक ने बताया कि इन दोनों (पति-पत्नी) ने चंडीगढ़ से ब्ला-ब्ला कार पूलिंग एप के जरिए गाड़ी बुक की थी। पुलिस ने जब इनके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 5.637 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने बिना कोई देरी किए दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। मंडी पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए पति-पत्नी की पहचान अभिषेक गुलेरिया और अमीषा (पत्नी अभिषेक गुलेरिया) के रूप में हुई है।

चिट्टे के साथ पकड़े गए इस दंपति की कहानी ने हर किसी को हैरान कर दिया है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दोनों की शादी महज एक साल पहले हुई थी और वे नशे के बुरी तरह आदी हैं। इनका एक 3 महीने का मासूम बच्चा भी है, जिसे वे दादा-दादी के पास छोड़कर पंजाब से नशा खरीदने गए थे। नशे की लत इस कदर हावी थी कि इन दोनों ने अपने माता-पिता के गहने तक गिरवी रख दिए थे। परिवार और रिश्तेदार इनकी इन हरकतों से बेहद परेशान थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह नशा पंजाब में कहां से और किससे लेकर आए थे। इस पूरे नैटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!