वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल की इस बेटी को सलाम! 22 साल की उम्र में कर दिया ऐसा कारनामा…देवभूमि का बढ़ाया मान

देवभूमि हिमाचल की बेटियां अब हर क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं। इसी कड़ी में कांगड़ा जिला के धर्मशाला की दिव्या ज्योति कटोच ने कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की पूर्व छात्रा दिव्या ने महज 22 वर्ष की आयु में हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HAS) परीक्षा पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर ली है। वर्ष 2025 की परीक्षा में उन्होंने उत्कृष्ट स्थान हासिल कर यह दिखा दिया कि लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता दूर नहीं रहती।

2024 में पूरी की ग्रैजुएशन, राजनीति विज्ञान रहा विषय

दिव्या ने वर्ष 2024 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। उन्होंने राजनीति विज्ञान विषय में अध्ययन किया और अब प्रशासनिक अनुभव लेने के लिए कांगड़ा जिले के उपायुक्त कार्यालय में तहसीलदार प्रशिक्षु के रूप में कार्यरत हैं। उनके इस सफर को युवा वर्ग खासतौर पर छात्राएं प्रेरणा के तौर पर देख रहे हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य और प्राध्यापकों ने दीं शुभकामनाएं

दिव्या की उपलब्धि पर राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्राचार्य राकेश पठानिया सहित प्राध्यापकों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने कहा कि दिव्या की सफलता कॉलेज के लिए गर्व का क्षण है और यह आने वाले विद्यार्थियों को मेहनत व अनुशासन के लिए प्रेरित करेगी।

माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया कामयाबी का श्रेय

दिव्या ने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि परिवार का भरोसा और शिक्षकों की सही दिशा ने कठिन दौर में भी उन्हें लगातार आगे बढ़ने की ताकत दी। उनके अनुसार समूह चर्चा, अनुशासित दिनचर्या और योजनाबद्ध तैयारी उनकी सफलता के प्रमुख आधार रहे।

युवाओं को संदेश-लगन से तैयारी करें और मेहनत में कोई कमी न छोड़ें

दिव्या ने युवाओं से अपील की कि वे लक्ष्य तय कर पूरी लगन से तैयारी करें और मेहनत में कोई कमी न छोड़ें। उन्होंने कहा कि मजबूत संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी परीक्षा और किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। दिव्या की उपलब्धि धर्मशाला ही नहीं, पूरे हिमाचल की बेटियों के लिए एक नई प्रेरणा बनकर सामने आई है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!