कुल्लू: हिमाचल प्रदेश की शांत वादियों में छिपने का सपना संजोकर आए पंजाब के एक कुख्यात गैंगस्टर और उसके गुर्गों का गेम ओवर हो गया है। पंजाब पुलिस की सीआईए (क्राइम इन्वेस्टीगेशन एजेंसी) टीम ने कुल्लू पुलिस के साथ मिलकर ऑप्रेशन को अंजाम दिया और मणिकर्ण में छिपे गैंगस्टर हरप्रीत सिंह समेत 8 लोगों को धर दबोचा।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को ये बदमाश पर्यटकों के भेष में मणिकर्ण पहुंचे और एक निजी होटल में ठहरे। उन्हें लगा कि वे पुलिस की नज़र से बच निकलेंगे, लेकिन पंजाब पुलिस का खुफिया तंत्र पहले ही सक्रिय था। उनकी लोकेशन को ट्रैक किया जा रहा था। जब ये आरोपी बरशैणी से मणिकर्ण की तरफ वापस लौट रहे थे, तो पुलिस ने उन्हें शिल्ला के पास चारों तरफ से घेर लिया और भागने का कोई रास्ता नहीं छोड़ा।
पुलिस के हत्थे चढ़े गैंग में मुख्य आरोपी पंजाब का कुख्यात हरप्रीत सिंह है। उसके साथ उसके साथी राम सिंह, गुरप्रीत सिंह, सतनाम उर्फ सागर, सिकंदर और राजबिंद्र को पकड़ा गया है। हैरानी की बात यह है कि इस गैंग में दो महिलाएं कोमल और तलविंदर कौ भी शामिल थीं, जिन्हें भी हिरासत में लिया गया है।
हरप्रीत सिंह कोई मामूली अपराधी नहीं है। उस पर अपराध की लंबी फेहरिस्त है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 20 अप्रैल को उस पर फिरौती के लिए एक व्यक्ति के घर पर सरेआम गोलीबारी करने का गंभीर आरोप है। उस पर बीएनएस की धारा 109, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज है। वह पंजाब में दहशत फैलाने के लिए कुख्यात है।
कुल्लू के एसपी मदन लाल कौशल ने इस संयुक्त कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब और हिमाचल पुलिस के बेहतरीन आपसी तालमेल का नतीजा है। फिलहाल, सभी 8 आरोपियों को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है और पुलिस इनसे गहन पूछताछ कर रही है। अब पुलिस का अगला लक्ष्य इस गिरोह के बाकी नेटवर्क और उनकी भविष्य की नापाक साजिशों का पर्दाफाश करना है।








