हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। संगड़ाह क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुलानी में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल है।
संगड़ाह पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार (एचपी 79-2756) पुलानी के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से 200 मीटर नीचे लुढ़क गई। इस हादसे में अमरा देवी (52 वर्ष) पत्नी देव राज, निवासी गत्ताधार (तहसील संगड़ाह), आराध्या (14 वर्ष) पुत्री देव राज निवासी गत्ताधार (अमरा देवी की बेटी), प्रियंका (14 वर्ष) पुत्री दीप राम निवासी ऊंचा टिक्कर, संगड़ाह और सज्जन सिंह (62 वर्ष): पुत्र थापलू राम, निवासी काजवा, तहसील संगड़ाह की मौके पर मौत हो गई।
हादसे में कार का चालक अजीत कुमार (निवासी गत्ताधार) गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सबसे पहले संगड़ाह अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रैफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने इस दुखद सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु और चालक के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि की है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इस घटना पर मुख्यमंत्री सुखविदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे इस दुर्घटना से संबंधित रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं प्रकट की हैं और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।








