हिमाचल प्रदेश में सोमवार का दिन गुजरात के कुछ पर्यटकों के लिए कभी न भूलने वाला भयानक दुःस्वप्न बन गया। प्रदेश के चम्बा-नूरपुर नैशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में 5 लोग गुजरात के एक ही दल के पर्यटक हैं, जबकि एक स्थानीय हिमाचली ड्राइवर शामिल है। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा रैफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुजरात के पर्यटकों का यह दल एक इनोवा क्रिस्टा गाड़ी में सवार होकर मनाली से चम्बा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डल्हौजी घूमने जा रहा था। गाड़ी में ड्राइवर समेत कुल 10 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त उस इलाके में भारी बारिश हो रही थी। चम्बा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जहां यह हादसा हुआ, वहां की मिट्टी चिकनी है। भारी बारिश के कारण सड़क पर फिसलन (स्लिपरी) बहुत ज्यादा हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी फिसलन के कारण गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 4 अन्य को हैड-इंजरी हुई है।
पुलिस के अनुसार जान गंवाने वालों में भावनगर की सिंधी कॉलोनी निवासी ललितभाई फतनानी और उनकी पत्नी ममताबेन ललितभाई फतनानी शामिल हैं। वहीं, एक अन्य परिवार के प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी, उनकी पत्नी काजल और उनके मासूम बेटे दियांश की भी इस हादसे में जान चली गई। हादसे में जान गंवाने वाले छठे व्यक्ति गाड़ी के ड्राइवर जसवंत कुमार (51) थे, जो हिमाचल के मंडी जिले की तहसील जोगिंद्रनगर के गांव कोहरा के रहने वाले थे।
खाई में गिरी गाड़ी से चार लोगों को गंभीर हालत में निकाला गया, जो इस वक्त जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। घायलों में ललितभाई फतनानी के बेटे मयंक ललितभाई फतनानी (31), उनकी पत्नी फोरमबेन मयंक फतनानी (31) और उनका 3 साल का बेटा जियांश शामिल हैं। इसके अलावा, मृतक प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी की 3 वर्षीय मासूम बेटी प्रियान्शी भोपानी भी गंभीर रूप से घायल है। इन सभी घायलों का इलाज टांडा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर भारी मशक्कत के बाद सभी 6 शवों को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर चम्बा के चुवाड़ी अस्पताल भेज दिया है और मामले की एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन द्वारा गुजरात और मंडी में मृतकों तथा घायलों के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के चम्बा पहुंचने के बाद ही शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर उन्हें सौंपा जाएगा।
इस हृदयविदारक हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। इसके साथ ही, उन्होंने जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए और घायलों के इलाज में कोई कमी न छोड़ते हुए उन्हें बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।








