हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रोहड़ू उपमंडल से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां पंचायत चुनाव प्रचार कर देर रात घर लौट रहे दो युवकों की पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए मातम में बदल गई हैं।
यह दर्दनाक दुर्घटना रोहड़ू उपमंडल की जांगला उपतहसील के अंतर्गत आने वाली रनोल पंचायत में हुई। मृतकों की पहचान रनोल निवासी लोकेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक अपने प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार अभियान में सक्रिय थे। देर रात प्रचार खत्म करने के बाद वे अपनी पिकअप गाड़ी से गांव की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में गाड़ी अनिंयत्रित होकर गहरी खाई में जा समाई।

बता दें कि अंधेरा होने के चलते हादसे की किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब कुछ स्थानीय लोगों ने सड़क से नीचे दुर्घटनाग्रस्त वाहन को देखा, तब जाकर हादसे का पता चला। ग्रामीणों का कहना है कि यदि घटना की जानकारी रात में ही मिल जाती तो शायद रैस्क्यू कर दोनों की जान बचाई जा सकती थी। सुबह जैसे ही हादसे की खबर गांव में फैली, मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। जिन घरों में रात तक चुनावी चर्चाएं और जीत की रणनीतियां बन रही थीं, वहां सुबह मातम छा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों युवक बेहद मिलनसार स्वभाव के थे। इस अचानक हुए हादसे से पूरा गांव गहरे सदमे में है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संदासू भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए गए हैं। शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक दृष्टि में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने का मामला लग रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।








