वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

देवभूमि हिमाचल ने खोया 26 साल का फौजी जवान, हमीरपुर के नोहगी गांव में पसरा मातम

महीने भर पहले जिस आंगन में बेटे की हंसी गूंज रही थी, आज वहां सिर्फ चीखें और सिसकियां हैं। जिस मां ने बेटे के माथे पर तिलक लगाकर उसे हंसते हुए देश की सेवा के लिए विदा किया था, उसे क्या पता था कि अगली बार उसका लाल तिरंगे में लिपटकर घर लौटेगा। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक ऐसी ही रुला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। ग्राम पंचायत टपरे के नोहगी गांव के रहने वाले 26 वर्षीय युवा सैनिक अभिषेक कुमार जिंदगी की जंग हार गए हैं। दिल्ली के आर्मी अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया है। जवान की मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव नोहगी पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया।

जानकारी के मुताबिक अभिषेक कुमार महज एक महीने पहले ही अपनी छुट्टियां बिताकर घर से वापस ड्यूटी पर गए थे। उनकी तैनाती हरियाणा के हिसार में थी। ड्यूटी पर लौटने के कुछ समय बाद ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें खून की उल्टियां हुईं और लगातार दस्त की शिकायत रहने लगी। आर्मी के डॉक्टरों ने जब जांच की, तो पता चला कि यह 26 वर्षीय जवान काला पीलिया जैसी बेहद गंभीर बीमारी की चपेट में आ चुका है। हिसार में जब उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और स्थिति बिगड़ने लगी, तो उन्हें तुरंत दिल्ली के प्रतिष्ठित रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में शिफ्ट किया गया। पिछले कुछ दिनों से डॉक्टरों की टीम उन्हें बचाने की जद्दोजहद कर रही थी, लेकिन शनिवार सुबह अभिषेक ने अंतिम सांस ली।

ग्रामीणों का कहना है कि अभिषेक कुमार बचपन से ही बेहद मिलनसार, मेहनती और देशभक्ति के जज्बे से भरा हुआ था। इतनी कम उम्र में सेना की वर्दी पहनकर उसने न सिर्फ अपने परिवार का, बल्कि पूरे नोहगी गांव का नाम रोशन किया था। अभिषेक के यूं अचानक चले जाने से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है, उन्हें सांत्वना देने पहुंचे लोगों के भी आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को जवान अभिषेक कुमार को पैतृक गांव नोहगी के श्मशानघाट में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!