वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

HPU BA Final Year Result: रामपुर कॉलेज की छात्रा नमिता ने 9.33 CGPA के साथ किया हिमाचल में टॉप

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) ने बैचलर ऑफ आर्ट्स (BA) अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस बार का रिजल्ट न केवल छात्रों की शानदार कामयाबी का गवाह बना है, बल्कि खुद एचपीयू ने भी रिकॉर्ड महज एक महीने के भीतर रिजल्ट घोषित कर इतिहास रच दिया है। इस साल बीए का कुल पास प्रतिशत 95.59% रहा। वहीं, मैरिट सूची में एक बार फिर प्रदेश की बेटियों ने अपना परचम लहराया है। टॉप-10 की मैरिट सूची में शामिल 12 विद्यार्थियों में 7 लड़कियां और 5 लड़के शामिल हैं।

पूरे प्रदेश में पहला स्थान जीबी पंत मेमोरियल राजकीय डिग्री कॉलेज, रामपुर बुशहर की छात्रा नमिता ने हासिल किया है। 9.33 CGPA के साथ टॉप करने वाली नमिता की कहानी बेहद प्रेरणादायक है। रामपुर बुशहर के अत्यंत दुर्गम क्षेत्र पंद्रहबीश के गांव धारला की रहने वाली नमिता एक साधारण परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता बुद्धराम राजस्व विभाग में पटवारी हैं और माता कला देवी एक कुशल गृहणी हैं। राजनीति शास्त्र की होनहार छात्रा नमिता का सपना अब यूपीएससी पास कर आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और कॉलेज के प्राध्यापकों (मोहन नेगी व हेमलता) को दिया है।

इन होनहारों ने रोशन किया नाम

  • नमिता (रामपुर कॉलेज) – 9.33 CGPA (पहला स्थान)
  • लेखराज (सिद्धार्थ राजकीय डिग्री कॉलेज, नादौन) – 9.01 CGPA (दूसरा स्थान)
  • रितिका (स्वामी विवेकानंद डिग्री कॉलेज, घुमारवीं) – 8.98 CGPA (तीसरा स्थान)
  • शिवानंद (ढलियारा कॉलेज) – 8.98 CGPA (चौथा स्थान)
  • तमन्ना (संजौली कॉलेज, शिमला) – 8.95 CGPA (पांचवां स्थान)
  • सत्यम (डिग्री कॉलेज नाहन) – 8.88 CGPA (छठा स्थान)
  • प्रियंका (पंडित संत राम डिग्री कॉलेज, बैजनाथ) – 8.86 CGPA (सातवां स्थान)
  • अदिति (राजा वीरभद्र सिंह कॉलेज, सीमा) – 8.85 CGPA (आठवां स्थान)
  • सोनिया थापा (डिग्री कॉलेज धर्मशाला) – 8.76 CGPA (नौवां स्थान)
  • निशांत (सीमा कॉलेज), अर्पिता (आर्य कॉलेज नूरपुर) और रोहित कुमार (चंबा कॉलेज)- 8.75 CGPA (दसवां स्थान)

विश्वविद्यालय ने 1 महीने में जारी किया रिजल्ट

इस बार विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को इंतजार नहीं करवाया। अप्रैल और मई महीने में हुई इन परीक्षाओं का परिणाम रिकॉर्ड एक माह के अंदर जारी कर दिया गया है। परीक्षा में कुल 13,712 विद्यार्थी बैठे थे, जिनमें से 11,817 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं (इसमें कंपार्टमेंट वाले छात्र भी शामिल हैं)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि रिकॉर्ड समय में परिणाम घोषित करना एक बड़ी सफलता है। उन्होंने बताया कि बीए अंतिम वर्ष के सभी छात्र अपनी लॉग इन आईडी का इस्तेमाल कर विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपना परीक्षा परिणाम चेक कर सकते हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!