वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: शिमला में स्कूल संचालिका का मर्डर करने वाले 2 शूटर हरियाणा से गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

देवभूमि हिमाचल की राजधानी शिमला में दिनदहाड़े स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या से मची सनसनी का सस्पेंस पुलिस ने महज 40 घंटे में खत्म कर दिया है। पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्यारों ने पूरी फिल्मी स्क्रिप्ट तैयार की थी, लेकिन शिमला पुलिस की स्मार्ट इन्वेस्टिगेशन के आगे उनकी एक न चली। हरियाणा से आकर वारदात को अंजाम देने वाले दो कथित शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में जो बातें सामने आई हैं, वो किसी क्राइम वेब सीरीज से कम नहीं हैं। आरोपी हरियाणा से एक सफेद रंग की कार में शिमला पहुंचे थे। पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए उन्होंने अपनी कार पर हिमाचल प्रदेश का फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर लगा रखा था। उन्हें लगा कि इस चालाकी से वे आसानी से बॉर्डर पार कर जाएंगे, लेकिन यहीं उन्होंने मात खा ली। पुलिस की विशेष टीमों ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, टेक्निकल सर्विलांस का दायरा बढ़ाया और डिजिटल साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण कर उस कार की असली पहचान उजागर कर दी।

कार की असली पहचान होते ही शिमला पुलिस की एक स्पेशल टीम ने तुरंत हरियाणा में दबिश दी। वहां से 22 वर्षीय आशीष अहलावत निवासी दुजाना गांव, जिला झज्जर और 25 वर्षीय दीपक निवासी रोहतक को धर दबोचा गया। पुलिस की यह कार्रवाई इतनी सटीक थी कि आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई दो पिस्तौलें भी बरामद कर ली गई हैं। अब फोरेंसिक टीम इन हथियारों और घटनास्थल से मिले भौतिक और जैविक साक्ष्यों का मिलान कर रही है।

महज 40 घंटे में केस सुलझाने के लिए शिमला पुलिस की जमकर सराहना हो रही है, लेकिन असली खेल अभी बाकी है। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यह जांच केवल इन दो शूटरों तक सीमित नहीं रहेगी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मनीषा मित्तल जैसी हाई-प्रोफाइल स्कूल संचालिका की हत्या की साजिश किसने रची? इन शूटरों को फंडिंग किसने की और शिमला जैसे शहर में वारदात को अंजाम देने के लिए इन्हें लोकल सपोर्ट किसने दिया?

फिलहाल हरियाणा से गिरफ्तार किए गए आशीष और दीपक को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस उन्हें शिमला लाकर अदालत में पेश करेगी और रिमांड की मांग करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान इस हत्याकांड के पीछे छिपे असली मास्टरमाइंड और हत्या के असल मकसद से भी जल्द पर्दा उठ जाएगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!