वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Video: हिमाचल के चम्बा में भयानक हादसा: मुंडन संस्कार से लौट रहे परिवार की गाड़ी खाई में गिरी, 3 भाइयों समेत 7 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश की आंखें नम कर दी हैं। चम्बा के मसरूंड-हमल मार्ग पर बुधवार देर रात एक बोलेरो गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में 7 लोगों (3 महिलाएं और 4 पुरुष) की दर्दनाक मौत हो गई है, जिनमें एक ही परिवार के 3 सगे भाई शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत कुठेड़ के काकड़ोथा गांव में मुंडन संस्कार की धाम (भोज) का आयोजन था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मेहल गांव के लोग बोलेरो (HP-01C-2581) से वहां गए थे। देर रात जब ये सभी खुशी-खुशी अपने घर लौट रहे थे, तभी पुखरी उपमंडल के तहत छतरूंड के पास गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयंकर था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में 3 सगे भाइयों (चुन्नी लाल, देवी लाल, मोती राम) और मोती राम की पत्नी बबली देवी सहित 7 लोगाें की मौत हो गई।

देर रात जैसे ही हादसे की चीख-पुकार आसपास के गांवों तक पहुंची तो लोग तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना गहरी खाई में उतरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और शवों को बाहर निकाला। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे ने सिस्टम की बड़ी लापरवाही की पोल भी खोल दी है। स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष है। उनका कहना है कि जिस खूनी मोड़ पर यह हादसा हुआ, वहां सड़क किनारे कोई क्रैश बैरियर नहीं थे। अगर विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए होते, तो शायद गाड़ी खाई में गिरने से बच जाती और 7 जिंदगियां काल का ग्रास नहीं बनतीं।

उधर, चुराह विधानसभा क्षेत्र के विधायक हंसराज ने इस भयानक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एक ही क्षेत्र के 7 लोगों को एक साथ खो देना बेहद पीड़ादायक है। विधायक ने भी सिस्टम की पोल खोलते हुए स्वीकार किया कि इस खतरनाक सड़क पर क्रैश बैरियर लगाने की मांग पहले भी संबंधित विभाग के समक्ष उठाई गई थी, लेकिन विभाग ने इस दिशा में कोई उचित कदम नहीं उठाया।

हादसे में मारे गए लोगों की सूची
चुन्नी लाल (65) पुत्र परस राम (गांव मेहल)
देवी लाल (62) पुत्र परस राम (गांव मेहल)
मोती राम (50) पुत्र परस राम (गांव मेहल)
बबली देवी (45) पत्नी मोती राम (गांव मेहल)
अनीता कुमारी (20) पुत्री धर्म सिंह (गांव मेहल)
कुन्ता देवी (53) पत्नी कर्म सिंह (गांव मेहल)
मनोहर लाल (34) गांव टोपड़ा, धरो (वाहन चालक)

नीचे क्लिक कर देखें वीडियो…

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!