हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक ऐसी हृदयविदारक खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यहां के रौड़ा सैक्टर में एक किराए के मकान में रह रही बुजुर्ग मां और उसका लाचार बेटा बिस्तर पर मृत हालत में मिले हैं। मृतकों की पहचान कुमुद शर्मा (66) और उनके बेटे अक्षांश (36) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सोलन जिला के अर्की बस अड्डा के पास के रहने वाले थे। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है।
इस घटना के पीछे की जो कहानी सामने आ रही है, वह बेहद भावुक करने वाली है। मृतक कुमुद शर्मा एक सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) शिक्षिका थीं। वर्षों पहले एक सड़क हादसे ने उनके युवा बेटे अक्षांश को जिंदगी भर का जख्म दे दिया था। उस दुर्घटना के बाद से अक्षांश चलने-फिरने से पूरी तरह लाचार हो चुका था। बेटे को एक बेहतर इलाज और अच्छी थेरेपी मिल सके, साथ ही बिलासपुर में रिश्तेदार होने के नाते मदद की उम्मीद में मां-बेटा यहां किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। एक मां अपनी पैंशन और पूरी ताकत से अपने बिस्तर पर पड़े बेटे की सेवा में जुटी हुई थी।
इस खौफनाक मंजर का खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार को हमेशा की तरह अक्षांश की फीजियोथैरेपी करने के लिए फीजियोथैरेपिस्ट उनके घर पहुंचा। फीजियोथैरेपिस्ट ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। उसने सोचा कि मां-बेटा सो रहे होंगे और वह वापस लौट गया। जब दिनभर मां-बेटे से कोई संपर्क नहीं हुआ, तो फिजियोथैरेपिस्ट को शक हुआ। उसने तुरंत इसकी जानकारी बिलासपुर में रहने वाले उनके रिश्तेदारों को दी, जो अक्सर इस परिवार की मदद के लिए आया-जाया करते थे। रिश्तेदारों ने बिना वक्त गंवाए पुलिस को सूचित किया और मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने जांच की तो मकान का पिछला दरवाजा खुला हुआ था। अंदर कदम रखते ही पुलिस और रिश्तेदारों के होश उड़ गए…बिस्तर पर मां और बेटे की लाशें पड़ी थीं।
सूत्रों के मुताबिक घटनास्थल से पुलिस को दवाइयों के कुछ खाली और संदिग्ध पैकेट बरामद हुए हैं, जो अंदेशा दे रहे हैं कि यह आत्मघाती कदम हो सकता है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में पोस्टमार्टम करवाने के बाद रिश्तेदारों को सौंप दिया है।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल के अनुसार पुलिस ने परिजनों और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। परिजनों ने किसी पर भी कोई शक या अंदेशा जाहिर नहीं किया है। मौत की असली वजह क्या थी, इसका सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की विस्तृत जांच कर रही है। क्या यह वर्षों के दर्द और लाचारी से उपजा कोई आत्मघाती कदम था या इसके पीछे कोई और वजह है? बिलासपुर पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के जरिए इस दर्दनाक रहस्य से पर्दा उठाने में जुट गई है।








