वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: चंबा के भरमौर में गहरी खाई में गिरी कार, 3 महिलाओं सहित 4 लोगों की गई जान

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में एक सड़क हादसा पेश आया है। उरई-सामरा मार्ग पर सारनी पुल के पास एक ऑल्टो कार के गहरी खाई में लुढ़कने से चार लोगों की जान चली गई, जबकि एक अन्य जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। मृतकों में तीन महिलाएं और कार का चालक शामिल है।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक ऑल्टो कार में पांच लोग सवार होकर सामरा-रूणहकोठी क्षेत्र की ओर जा रहे थे। ये सभी सवार एक धार्मिक आयोजन में शिरकत करने जा रहे थे। सारनी पुल के समीप पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा के दौरान खाई से आ रही चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को अलर्ट किया।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से सभी को खाई से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक उरई गांव की चतरो देवी और बशैहरो देवी सहित चालक अंकू निवासी रूणहकोठी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। खाई से घायल अवस्था में निकाली गई लता देवी और एक अन्य व्यक्ति को गंभीर हालत में चंबा मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया, लेकिन लता देवी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन कारणों से हुआ, अभी इसके स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उधर, इस दर्दनाक हादसे की गूंज शिमला तक पहुंची। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस असीम दुख की घड़ी में पूरी सरकार उनके साथ है। उन्होंने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को फौरी राहत और घायल व्यक्ति को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!