राजस्थान (सीकर) के पर्यटक की दर्दनाक मौत, 3 दोस्त घायल
पहाड़ों पर रफ्तार का रोमांच कब जिंदगी की आखिरी भूल बन जाए, इसका एक रोंगटे खड़े कर देने वाला उदाहरण हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली में देखने को मिला है। विश्व प्रसिद्ध अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से निकली एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो किसी हॉलीवुड एक्शन फिल्म के खौफनाक सीन की तरह हवा में उछली और सीधे एक निर्माणाधीन पुल के लोहे के सरियों पर जा गिरी। रफ्तार का कहर ऐसा था कि मोटे लोहे के सरिये गाड़ी को चीरते हुए केबिन के अंदर तक घुस गए। इस खौफनाक हादसे ने एक पर्यटक की जान ले ली, जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार पर्यटकों से भरी यह स्कॉर्पियो लाहौल-स्पीति की वादियों से मनाली की तरफ लौट रही थी। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से बाहर निकलते ही रफ्तार ने ऐसा धोखा दिया कि चालक स्टीयरिंग से अपना नियंत्रण पूरी तरह खो बैठा। गाड़ी सड़क किनारे लगे सुरक्षा बैरिकेड्स को तिनके की तरह उड़ाते हुए हवा में लहराई और नीचे चंद्रभागा नदी के किनारे बन रहे पुल के बेसमेंट पर जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंजर इतना डरावना था कि देखने वालों की रूह कांप गई। पुल निर्माण के लिए खड़े किए गए लोहे के सरिये गाड़ी के अगले हिस्से को फाड़ते हुए अंदर तक घुस गए और वाहन सरियों पर ही टंग गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर गाड़ी इन सरियों में फंसकर नहीं रुकती, तो वह सीधे उफनती चंद्रभागा नदी में जा समाती, जिससे अंजाम और भी ज्यादा भयावह हो सकता था।
इस हादसे में राजस्थान के सीकर जिले गांव मंडोटा के 32 वर्षीय कैलाश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गाड़ी में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में राजस्थान के सीकर निवासी राजेंद्र और सिद्धार्थ सिंह शेखावत तथा उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी निवासी आदित्य शामिल हैं। सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उधर, हादसे को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और प्रारंभिक जांच में इस खौफनाक हादसे की मुख्य वजह ओवरस्पीडिंग को ही माना जा रहा है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। सरियों पर लटकी गाड़ी का खौफनाक दृश्य पर्यटकों के लिए एक सख्त चेतावनी छोड़ गया है। प्रशासन ने एक बार फिर अपील की है कि पर्यटन सीजन में पहाड़ी और घुमावदार रास्तों पर वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें, क्योंकि पहाड़ों पर एक छोटी सी चूक सीधे मौत को दावत देती है।








