हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर न सिर्फ अपने सुहाग को उजाड़ दिया, बल्कि एक छोटी बच्ची के सिर से माता-पिता दोनों का साया भी छीन लिया। हत्यारों ने वारदात को छिपाने के लिए फिल्मी स्टाइल में शव को झाड़ियों में फेंक दिया था, लेकिन उनकी यह खौफनाक साजिश महज चंद घंटों में ही बेनकाब हो गई।
यह रूह कंपा देने वाली घटना कसौली विधानसभा क्षेत्र की बोहली पंचायत के जोहड़ पटियाला गांव की है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात मृतक के घर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें परिवार और परिचित मौजूद थे। इसी भीड़भाड़ के बीच घर के अंदर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान महिला और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर उस व्यक्ति पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद पत्नी और उसके प्रेमी ने पुलिस को गुमराह करने और खुद को बचाने की साजिश रची। दोनों ने रात के अंधेरे में शव को उठाया और घर से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर झाड़ियों में फेंक दिया। उन्हें लगा कि उनका जुर्म छिप गया है, लेकिन रविवार सुबह जब ग्रामीण उस रास्ते से गुजरे, तो झाड़ियों में पड़ा शव देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया।
पुलिस ने जब जांच शुरू की तो शक की सुई तुरंत मृतक की पत्नी और वहां मौजूद एक परिचित (कथित प्रेमी) पर गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले महिला अपना घर छोड़कर नेपाल भी चली गई थी और बाद में वापस लौटी थी। दंपती की एक छोटी बेटी भी है। पुलिस मान रही है कि इस खौफनाक कत्ल के पीछे की मुख्य वजह यही अवैध प्रेम प्रसंग है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमयू अस्पताल भेज दिया है। सख्ती से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू भी बरामद हो गया है। सोलन के पुलिस अधीक्षक टीएसडी वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ने कहा कि पुलिस अब इस एंगल से जांच कर रही है कि क्या यह हत्या किसी तात्कालिक विवाद का नतीजा थी, या फिर घर में कार्यक्रम का बहाना बनाकर हत्या की पहले से ही कोई सोची-समझी साजिश रची गई थी। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हत्या की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।








