वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल में ठिकाना और पंचकूला में सप्लाई, ANC ने 1 करोड़ की हैरोइन के साथ दबोचा कैथल का तस्कर

हरियाणा और हिमाचल के बीच चल रहे ड्रग तस्करी के एक बड़े नैटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस से बचने के लिए हिमाचल के बद्दी में अपना सेफ हाऊस बनाकर पंचकूला और आसपास के इलाकों में मौत का सामान (हैरोइन) बांटने वाले एक तस्कर को पंचकूला पुलिस की एंटी नारकोटिक सैल ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब एक करोड़ रुपए कीमत की 311 ग्राम हैरोइन बरामद हुई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 33 वर्षीय मुकेश कुमार पुत्र पाला राम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कैथल जिले के कलायत थाना क्षेत्र के गांव मटौर का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तारी से बचने और अपना नैटवर्क चलाने के लिए उसने हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित भुड़ बैरियर के पास एक कमरा किराए पर लिया हुआ था। इसी कमरे को बेस बनाकर वह पंचकूला और इसके सीमावर्ती इलाकों में हैरोइन की सप्लाई कर रहा था।

एएनसी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर मुकेश चंडी मंदिर स्थित साकेत अस्पताल के पास फ्लाईओवर के नीचे किसी ग्राहक को ड्रग्स की एक बड़ी खेप देने पहुंचने वाला है। इस इनपुट के आधार पर तुरंत एक रेडिंग पार्टी तैयार की गई। तस्कर को भनक न लगे, इसलिए पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में ग्राहक का इंतजार कर रहे तस्कर के ठिकाने के आसपास तैनात हो गए। बीती शाम करीब सवा 5 बजे टोल प्लाजा की दिशा से एक युवक बाइक पर आता दिखा। मुखबिर द्वारा मुकेश की पहचान की पुष्टि करते ही पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी मुकेश की पैंट की बाईं जेब से एक पारदर्शी पॉलिथीन बरामद हुई। इसमें हल्के भूरे रंग का डलीनुमा और पाऊडरनुमा पदार्थ भरा हुआ था। जांच करने पर यह हैरोइन निकली। जब पुलिस ने इलैक्ट्रॉनिक कांटे पर पॉलिथीन सहित इसका वजन किया, तो यह 311 ग्राम पाया गया। बरामद हैरोइन को पुलिस ने मौके पर ही सील कर अपने कब्जे में ले लिया। एएनसी टीम के एएसआई परविंद्र सिंह की शिकायत पर चंडीमंदिर थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

मामले के जांच अधिकारी सब-इंस्पैक्टर संजीव ने बताया कि आरोपी मुकेश कुमार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान इस अंतर्राज्यीय नैटवर्क की पूरी सप्लाई चेन को खंगाला जाएगा। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपी इतनी भारी मात्रा में हैरोइन कहां से लाता था और पंचकूला में उसके मुख्य खरीदार कौन-कौन थे।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!