वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: शिमला के नो-व्हीकल जोन पर पहुंचा केरल नंबर का ऑटो, 3 विदेशी पर्यटकों का कटा चालान

पहाड़ों की रानी शिमला के ऐतिहासिक मालरोड और रिज मैदान की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था शनिवार को उस वक्त सवालों के घेरे में आ गई, जब एक ऑटो-रिक्शा सीधे इस नो-व्हीकल जोन में जा घुसा। हैरानी की बात यह थी कि हजारों किलोमीटर दूर केरल के नंबर वाले इस ऑटो में इंग्लैंड के तीन नागरिक सवार थे। इस अप्रत्याशित घटना ने जहां एक ओर पर्यटकों के बीच हड़कंप मचा दिया, वहीं शिमला के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी जोन की सुरक्षा की पोल भी खोल कर रख दी।

जानकारी के मुताबिक यह कोई आम ऑटो नहीं था, बल्कि मशहूर रिक्शा रन एडवेंचर रैली का हिस्सा था। केरल के रजिस्ट्रेशन नंबर (KL07DE2685) वाले इस ऑटो पर बाकायदा यूनाइटेड किंगडम के झंडे की आकर्षक ब्रांडिंग की गई थी। ऑटो को रिज पर घूमता देख लोग अचंभित रह गए।

प्रतिबंधित क्षेत्र में ऑटो देखकर मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने तुरंत वाहन को इंटरसैप्ट कर विदेशी नागरिकों से पूछताछ की। पूछताछ में ब्रिटिश पर्यटकों ने दलील दी कि वे अनजाने में रास्ता भटक गए थे और उन्हें मालरोड व रिज पर वाहनों की नो-एंट्री के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें शिमला के हैरिटेज नियमों से अवगत कराया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत 1500 रुपए का नकद चालान थमा दिया।

मालरोड और रिज शिमला की धरोहर हैं। यह पूरी तरह से एक नो-व्हीकल जोन है, जहां आम दिनों में किसी भी निजी वाहन का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहता है। यहां केवल अधिकृत सरकारी या आपातकालीन वाहनों को ही विशेष अनुमति के तहत एंट्री मिलती है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए सवाल उठाया है कि जिस रास्ते पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहता है, वहां बैरिकेड्स पार करते हुए एक ऑटो-रिक्शा इतनी दूर कैसे पहुंच गया? यह इस बात की ओर इशारा करता है कि सुरक्षा तंत्र में कहीं न कहीं बड़ी चूक हुई है। अब यह जांच का विषय है कि ड्यूटी पर तैनात जवानों की नजरों से बचकर यह वाहन प्रतिबंधित क्षेत्र में दाखिल कैसे हुआ।

इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए हैं। प्रशासन ने बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों और आम लोगों से सख्त अपील की है कि वे जीपीएस या अनजाने रास्तों के भरोसे माल रोड और रिज जैसे प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन लेकर प्रवेश न करें। यातायात नियमों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!