वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: ऊना में प्राइवेट पूछताछ को लेकर बवाल, शराब कारोबारी के कारिंदे पर चली गोली; आरोपी गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार अब खूनी संघर्ष का रूप लेता जा रहा है। ऊना जिले के गगरेट उपमंडल के जोह बह गांव में शनिवार को एक ऐसी ही सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अवैध शराब की प्राइवेट तौर पर टोह लेने का प्रयास एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। शराब कारोबारी के कारिंदे (कर्मचारी) पर लाइसेंसी बंदूक से सीधे फायरिंग कर दी गई। गोली युवक की जांघ में लगी है और उसे गंभीर हालत में टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार दौलतपुर चौक के एक शराब कारोबारी के कारिंदे अपने निजी वाहन में सवार होकर जोह बह क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार की गुप्त जानकारी जुटाने निकले थे। इसी बीच उनका सामना डिंगोह खुर्द के रहने वाले मोहिंदर सिंह उर्फ कोको से हुआ। ठेकेदार के कर्मचारियों ने मोहिंदर पर अवैध शराब के धंधे से जुड़े होने का शक जताते हुए उससे पूछताछ शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कारिंदों द्वारा की जा रही इस प्राइवेट पूछताछ का मोहिंदर ने कड़ा विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद इतना गहरा गया कि मोहिंदर सिंह उर्फ कोको ने तैश में आकर अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली और कारिंदे पर फायर कर दिया। गोली सीधे युवक की जांघ में जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

गोली चलने से इलाके में दहशत फैल गई। घायल युवक के साथियों ने बिना समय गंवाए उसे दौलतपुर चौक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर खून का बहाव रोकने का प्रयास किया, लेकिन जांघ में गोली धंसे होने के कारण स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (टांडा) रेफर कर दिया गया। फिलहाल वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

गोलीकांड की सूचना मिलते ही गगरेट पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर अहम साक्ष्य जुटाए और आरोपी की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया। पुलिस की मुस्तैदी काम आई और कुछ ही घंटों के भीतर फरार आरोपी मोहिंदर सिंह उर्फ कोको को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई आरोपी की लाइसेंसी बंदूक भी अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस प्रशासन अब इस एंगल से भी जांच कर रहा है कि लाइसेंसी हथियार का इस तरह से दुरुपयोग कैसे किया गया और क्या इस पूरे विवाद के पीछे अवैध शराब का कोई बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!