हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले स्थित राजगढ़ क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देवराज के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण किसी ऊंचे स्थान से गिरना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह देवराज के बेटे ने पिता को घर के पास ही एक कॉम्प्लेक्स के समीप अचेत अवस्था में देखा। उसने तुरंत परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पाया कि देवराज की मृत्यु हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही यशवंतनगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हादसा है, आत्महत्या या कोई अन्य कारण, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। मृतक देवराज अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है और पुलिस हर संभावित पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।







