वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: व्यापारी की गला रेतकर हत्या, आक्रोशित ग्रामीणाें ने किया चक्का जाम; 2 संदिग्ध हिरासत में

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में हत्या का एक मामला सामने आया है। यहां विश्वकर्मा चौक के पास एक व्यक्ति की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक युवती को हिरासत में ले लिया है।

मृतक की पहचान भाव सिंह पुत्र सही राम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से तहसील शिलाई के गांव आवत डाकघर कोटी उतरू का रहने वाला था। भाव सिंह शिलाई में ही सब्जी की दुकान चलाता था और किसी काम के सिलसिले में पांवटा साहिब आया हुआ था।

पुलिस द्वारा खंगाली गई प्रारंभिक सीसीटीवी फुटेज में घटना का खौफनाक मंजर कैद हुआ है। फुटेज के अनुसार रात करीब 1 से 2 बजे के बीच भाव सिंह नगर परिषद की पार्किंग की ओर से विश्वकर्मा चौक की तरफ आते दिखाई दे रहा है। वह अपने कटे हुए गले को पकड़कर भागते नजर आया और कुछ ही दूरी पर लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़ा। खून से लथपथ व्यक्ति को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल भाव सिंह को पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस हत्याकांड की खबर फैलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। दोपहर के समय आक्रोशित लोगों ने चक्का जाम कर अपना कड़ा रोष व्यक्त किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को तनावपूर्ण होता देख पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को ठोस कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। शाम को एएसपी नरेंद्र कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद आमिर नामक युवक और रेखा नाम की एक युवती को हिरासत में लिया है।

एएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दोनों संदिग्ध मृतक भाव सिंह को पहले से जानते थे। पुलिस का अनुमान है कि किसी बात को लेकर इनके बीच आपसी विवाद हुआ होगा, जिसके परिणामस्वरूप इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का अभी तक पूरी तरह से खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस दोनों संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!