हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 19 वर्षीय युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी है। पुलिस थाना तलाई के अंतर्गत बरठीं-बधाघाट सड़क मार्ग पर मोही के समीप दो बाइकों के बीच हुई भीषण टक्कर में यह दुखद घटना घटी। हादसे में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है। मृतक युवक की पहचान अभिषेक कुमार पुत्र मदन लाल के रूप में हुई है, जो तहसील झंडूता के तहत आने वाले गांव मनन, डाकघर सुनहानी व जिला बिलासपुर का निवासी था।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को मोही के पास दो बाइकें आपस में बुरी तरह टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल बरठीं पहुंचाया। सिविल अस्पताल बरठीं में चिकित्सकों ने अभिषेक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए तुरंत एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया, लेकिन एम्स में उपचार के दौरान अभिषेक जिंदगी की जंग हार गया और उसने दम तोड़ दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना तलाई की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मौके का मुआयना किया। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों मोटरसाइकिलों के बीच यह जोरदार भिड़ंत किन परिस्थितियों में और किसकी लापरवाही से हुई। बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने इस दुखद हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, शव के पोस्टमार्टम और अन्य नियमानुसार कानूनी कार्रवाई को अमल में लाया जा रहा है। इस घटना के बाद से मृतक के गांव में मातम का माहौल है।








