वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

बिलासपुर: जेसीबी पर दरकी पहाड़ी, 19 वर्षीय युवक की गई जान; ऑप्रेटर की हालत नाजुक

बिलासपुर: पहाड़ी क्षेत्रों में निर्माण कार्य के दौरान भूस्खलन का खतरा किस कदर जानलेवा हो सकता है, इसका एक खौफनाक मंजर मंगलवार को बिलासपुर जिले में देखने को मिला। जिले के भराड़ी थाना क्षेत्र के लदरौर में एक निर्माणाधीन साइट पर अचानक भारी भूस्खलन होने से वहां काम कर रही एक जेसीबी मशीन मलबे की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में एक 19 वर्षीय किशोर की जान चली गई, जबकि जेसीबी का ऑप्रेटर गंभीर रूप से घायल है और जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे की है। लदरौर में जेसीबी मशीन से निर्माण कार्य चल रहा था, तभी ऊपर पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। मशीन पर काम कर रहे दोनों युवकों को भागने तक का मौका नहीं मिला और वे मलबे में दफन हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भराड़ी पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी बलवीर तुरंत अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने भी तत्परता दिखाते हुए पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। भारी मलबे के बीच कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भराड़ी पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने ऊना जिले के रहने वाले 19 वर्षीय कुशल बानियाल पुत्र निवासी मलोह, तहसील बंगाणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जेसीबी चला रहे मंडी जिले के 26 वर्षीय पंकज भारद्वाज निवासी जझर, तहसील सरकाघाट की हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया है। इस बड़े हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एएसपी बिलासपुर प्रताप सिंह और डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।

बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि भूस्खलन किन परिस्थितियों में हुआ। मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार अमल में लाई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!