वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

भीषण सड़क हादसा: सर्विस रोड पर खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार SUV, पलभर में छीन गईं 7 लाेगों की सांसें

गुजरात के भावनगर जिले में एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। यहां भावनगर-सोमनाथ नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार बोलेरो (एसयूवी) सड़क किनारे खड़े एक बंद ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। इस हादसे में बोलेरो सवार 7 लोगों की जान चली गई।

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस हादसे का शिकार हुए सभी लोग अलंग स्थित एशिया के सबसे बड़े शिपयार्ड में काम करते थे। मंगलवार की सुबह वे हमेशा की तरह अपनी रोजी-रोटी कमाने के लिए भावनगर से अलंग की तरफ जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे उनकी बोलेरो गाड़ी तलाजा तालुका के त्रापज गांव के पास पहुंची ही थी कि उनका यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।

भावनगर के पुलिस अधीक्षक नितेश पांडे ने घटना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा अलंग पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले त्रापज गांव के पास हाईवे की सर्विस रोड पर हुआ। एसपी के मुताबिक, सर्विस रोड पर एक बंद ट्रक पहले से खड़ा था। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर सीधे उस ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़ा हुआ भारी ट्रक भी झटके से आगे खिसक गया। बोलेरो गाड़ी का आगे का हिस्सा पूरी तरह से ट्रक के नीचे घुस गया और एसयूवी मलबे में तब्दील हो गई। गाड़ी के परखच्चे उड़ने के कारण शव बुरी तरह से फंस गए थे और कुछ शव हाईवे पर बिखर गए थे। एसयूवी के दरवाजे पूरी तरह लॉक हो चुके थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। राहत-बचाव दल को गाड़ी के अंदर फंसे पीड़ितों को बाहर निकालने के लिए लोहे की छड़ों का इस्तेमाल कर दरवाजों को जबरन तोड़ना पड़ा।

एसपी नितेश पांडे ने बताया कि इस खौफनाक हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने सभी सात शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भावनगर के सरकारी अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या बोलेरो चालक को झपकी आ गई थी या वाहन ओवरस्पीड था या फिर सर्विस रोड पर ट्रक गलत तरीके से पार्क किया गया था?

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!