वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: चंबा में गौवंश के अवशेष मिलने पर तनाव, हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन; पुलिस ने संभाला मोर्चा

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में गौवंश के अवशेष मिलने की घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। मामले की संवेदनशीलता और नवरात्रि के पर्व को देखते हुए हिंदू संगठनों ने बुधवार को भारी विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान चंबा बाजार पूर्ण रूप से बंद रहा। हालात बिगड़ने से रोकने के लिए जिला प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए चंबा शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चंबा जिले की सिल्लाघ्राट पंचायत से सटी घघरोथा पंचायत के सनोथा गांव के पास गौवंश के अवशेष बरामद हुए थे। नवरात्रि के दौरान सामने आई इस घटना से स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और क्षेत्र में तनाव फैल गया। हालांकि, पुलिस ने शिकायत मिलते ही 13 अक्तूबर को अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।

बुधवार को हिंदू संगठनों के आह्वान पर चंबा शहर के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए। केवल मेडिकल स्टोर जैसी आवश्यक सेवाओं को ही छूट दी गई। मुख्य चौक पर एकत्रित होकर प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम किया और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की। अधिकारियों के न पहुंचने पर भीड़ ने नाराजगी जताई और मुख्य चौराहे पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। चक्का जाम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक टैंपो चालक ने वाहन को भीड़ के बीच से निकालने का प्रयास किया। इससे आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने टैंपो का शीशा तोड़ दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन पुलिस ने जल्द ही हालात पर काबू पा लिया।

चंबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस संवेदनशील मामले में कानून अपना काम कर रहा है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आम जनता से अनुरोध है कि वे बिना पुष्टि के कोई भी भ्रामक संदेश या अफवाह सोशल मीडिया पर सांझा न करें। जिले में आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। फिलहाल, पुलिस की टीमें मामले की जांच कर रही हैं और शहर में एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!