सरकारी स्कूलों में शिक्षा और शिक्षकों को लेकर अक्सर कई तरह की धारणाएं होती हैं, लेकिन हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो गुरु-शिष्य परंपरा की एक मिसाल पेश करती है। यहां के मांजू प्राइमरी स्कूल से एक शिक्षक के तबादले पर विदाई का ऐसा भावुक नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। इस फेयरवेल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मांजू प्राइमरी स्कूल में 12 जून 2006 से तैनात जेबीटी शिक्षक नरेंद्र कुमार का हाल ही में तबादला हो गया। जब स्कूल में उनका फेयरवेल प्रोग्राम आयोजित किया गया, तो वहां मौजूद 30 से ज्यादा बच्चे अपने प्रिय ‘गुरु जी’ से बिछड़ने के गम में फूट-फूटकर रोने लगे। बच्चे शिक्षक से लिपट गए। बच्चों का यह निस्वार्थ प्रेम देखकर नरेंद्र कुमार भी अपने आंसू नहीं रोक पाए।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शिक्षक रोते हुए बच्चों का माथा चूम रहे हैं और उन्हें दिलासा देते हुए कह रहे हैं, “मैंने फिर से आ जाना बेटा… ठीक है। तुम तो मेरी जान ले लोगे।” इस दौरान स्कूल का अन्य स्टाफ भी बच्चों को संभालते हुए भावुक नजर आया।
शिक्षक और छात्रों के बीच का यह जुड़ाव सिर्फ स्कूल परिसर तक सीमित नहीं था। नरेंद्र कुमार के मुताबिक, तबादले के बाद से लगातार बच्चों के अभिभावकों के फोन आ रहे हैं। माता-पिता ने बताया कि गुरु जी के जाने से बच्चे इस कदर सदमे में हैं कि उन्होंने खाना-पीना छोड़ दिया है। कुछ अभिभावकों ने यह भी बताया कि रोते हुए बच्चों ने अपनी कॉपी-किताबें तक फाड़ दी हैं।
नरेंद्र कुमार की पहली नियुक्ति इसी स्कूल में हुई थी और वे पिछले 18 वर्षों से यहीं अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबे समय तक एक ही जगह तैनात रहने के कारण उन्हें आशंका थी कि विभाग उन्हें किसी अति दुर्गम (दूर-दराज) इलाके में न भेज दे। इसी तकनीकी कारण से उन्होंने स्वेच्छा से पास के ही जसोरगढ़ प्राइमरी स्कूल में अपना तबादला करवाया था।
हालांकि, बच्चों के इस गहरे भावनात्मक जुड़ाव और उनकी स्थिति को देखते हुए नरेंद्र कुमार ने अभिभावकों को दो महीने तक धैर्य रखने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि वे आगामी नए शैक्षणिक सत्र में एक बार फिर मांजू स्कूल में ही अपना तबादला करवाने का पूरा प्रयास करेंगे। फिलहाल, एक शिक्षक की अपने काम और बच्चों के प्रति यह लगन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इस वीडियो को खूब सांझा कर रहे हैं।








