वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

मंडी: पति को जेल में नशा देते रंगे हाथ दबोची पत्नी, पैंट की ‘चोर जेब’ में छिपा रखा था सफेद जहर

जिला कारागार मंडी में नशे की लत और तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चिट्टे के मामले में पहले से सजा काट रहे अपने पति को उसकी पत्नी ने जेल के भीतर नशा पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि, जेल कर्मचारियों की मुस्तैदी के चलते महिला की यह योजना विफल हो गई और उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

आरोपित महिला की पहचान सुनीता देवी पत्नी सूरज कुमार शर्मा, निवासी डाकघर बागाचनोगी के रूप में हुई है। उसका पति सूरज कुमार पहले से ही चिट्टे के एक मामले में जिला कारागार मंडी में सजा काट रहा है। जानकारी के अनुसार, वीरवार दोपहर बाद सुनीता अपने पति से मुलाकात करने जेल पहुंची थी। मुलाकात के दौरान उसने पति को देने के लिए कुछ सामान और कपड़े जेल स्टाफ को सौंपे। जेल नियमानुसार जब पुलिस टीम ने सामान की बारीकी से जांच शुरू की, तो एक पैंट को लेकर उन्हें शक हुआ।

पुलिस को जांच के दौरान पैंट के निचले हिस्से में कुछ सख्त और मोटी चीज होने का अहसास हुआ। जब पैंट को उलटकर देखा गया, तो पुलिसकर्मी हैरान रह गए। वहां विशेष रूप से एक गुप्त जेब बनाई गई थी, जिसे खोलते ही उसमें से एक पुड़िया बरामद हुई। इस पुड़िया में 1.03 ग्राम चिट्टा रखा गया था। पुलिस का मानना है कि सुनीता ने पिछली मुलाकात के दौरान ही पति के साथ मिलकर जेल के अंदर नशा पहुंचाने की योजना बना ली थी, जिसके तहत पैंट में यह विशेष जेब सिली गई थी।

घटना के तुरंत बाद जेल कर्मियों ने सुनीता देवी को हिरासत में ले लिया। सहायक अधीक्षक जेल मंडी की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में स्पष्ट कहा गया है कि आरोपी महिला ने जेल में नशा भेजने का प्रयास किया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला यह नशा कहां से लाई थी और क्या इसमें कोई और भी शामिल है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!