हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में शुक्रवार शाम पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एनडीपीएस एक्ट के तहत रिमांड पर लिया गया एक शातिर आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने फिल्मी अंदाज में सुरक्षाकर्मी को धक्का दिया और भाग निकला। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूरे शहर की घेराबंदी की और कुछ ही घंटों के भीतर उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। इस गंभीर लापरवाही के चलते एक पुलिस कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय अब्दुल माजिद पुत्र निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक माजिद के खिलाफ थाना सदर नाहन में 15 जुलाई, 2024 को एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और लगातार ठिकाने बदल रहा था।
करीब डेढ़ साल तक पुलिस को चकमा देने के बाद पुलिस की विशेष टीम को आरोपी के उत्तर प्रदेश स्थित घर पर होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 मार्च, 2026 को उसे मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे नाहन लाया गया और 6 मार्च को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता और नशा तस्करी के नैटवर्क को खंगालने के लिए आरोपी को 10 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेजा था।
शुक्रवार शाम को जांच अधिकारी आरोपी अब्दुल माजिद को पूछताछ के लिए कच्चा टैंक पुलिस चौकी लेकर आए थे। शाम करीब 5:15 बजे जब पुलिसकर्मी उसे ले जा रहे थे, तभी आरोपी ने मौका पाकर सुरक्षा में तैनात एक कांस्टेबल को जोर से धक्का दिया और वहां से दौड़ लगा दी। जब तक पुलिसकर्मी संभलते, आरोपी गलियों में ओझल हो चुका था। आरोपी के भागते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद नाहन शहर और आसपास के क्षेत्रों में ‘रेड अलर्ट’ जैसी स्थिति हो गई। शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स पर नाकाबंदी कर दी गई।
पुलिस की कई टीमें बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड और सुनसान इलाकों में तलाशी अभियान में जुट गईं। कुछ ही घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि आरोपी नाहन बस स्टैंड के आसपास छिपा हुआ है और अंधेरा गहराने का इंतजार कर रहा है ताकि किसी बस में बैठकर राज्य से बाहर भाग सके। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की और उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया था, लेकिन हमारी टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे कुछ ही घंटों में दोबारा पकड़ लिया है। इस कृत्य के लिए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के तहत एक नया मामला दर्ज किया गया है। एसपी के अनुसार हिरासत से आरोपी का भागना एक गंभीर सुरक्षा चूक है। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में ड्यूटी पर तैनात संबंधित पुलिस कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं पुलिस अब आरोपी से और अधिक सख्ती से पूछताछ करेगी ताकि नशा तस्करी के नैटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके, जिससे वह जुड़ा हुआ है।







