वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल में गुब्बारे के साथ मिली पाकिस्तानी करंसी, लोगों के उड़े होश…पुलिस जांच में जुटी

आसमान से उड़कर आने वाले गुब्बारों के किस्से तो आपने कई बार सुने होंगे, लेकिन अब जो मामला सामने आया है, उसने सबके कान खड़े कर दिए हैं। पहले सिर्फ गुब्बारे मिला करते थे… लेकिन अब गुब्बारे के साथ पाकिस्तानी नोट भी मिला है! और वो भी किसी बॉर्डर इलाके में नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के बीचोंबीच बसे एक गांव में। गांव भी ऐसा, जहां कोई बाहरी अनजान शख्स आ जाए, तो पूरे गांव को खबर लग जाती है। लेकिन खेतों में मिला ये लाल रंग का गुब्बारा और 10 रुपए का पाकिस्तानी नोट आखिर यहां पहुंचा कैसे? यह किसी की गहरी साजिश है या फिर महज एक भद्दी शरारत? इस सवाल ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

यह पूरा मामला बिलासपुर जिले के कलोल क्षेत्र के बकैण गांव का है। शनिवार सुबह गांव के रहने वाले सुनील कुमार अपने खेतों की तरफ गए थे। तभी उनकी नजर एक अजीब सी चीज पर पड़ी। खेतों में एक चमकीला लाल रंग का गुब्बारा धागे के सहारे एक लकड़ी से बंधा हुआ था। सुनील ने जब पास जाकर देखा, तो गुब्बारे के ऊपर हाथी सहित कुछ अजीबोगरीब चित्र बने हुए थे। लेकिन हैरानी तब और बढ़ गई, जब इस गुब्बारे के ठीक पास 10 रुपए का एक नोट मिला, जिस पर साफ-साफ बैंक ऑफ पाकिस्तान लिखा हुआ था।

पाकिस्तानी करंसी देखते ही सुनील के होश उड़ गए। उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना पंचायत के पूर्व उपप्रधान राकेश शर्मा को दी। इसके बाद तुरंत पुलिस थाना शाहतलाई को अलर्ट किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहतलाई के थाना प्रभारी अनूप कुमार अपने दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सावधानीपूर्वक लाल गुब्बारे और पाकिस्तानी नोट को अपने कब्जे में ले लिया है।

गांव के बीचोंबीच घटी इस घटना ने ग्रामीणों को डरा दिया है। सबके मन में यही सवाल है कि आखिर रातोंरात कोई यहां ये पाकिस्तानी नोट और गुब्बारा कैसे लगा गया? हमारे संवाददाता कमल शर्मा ने जब इस पूरे मामले को लेकर घुमारवीं के डीएसपी विशाल वर्मा से बात की, तो उन्होंने बताया कि पुलिस हर एंगल से इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। डीएसपी विशाल वर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इलाके का शांतिपूर्ण माहौल खराब करने की मंशा से यह शरारत की है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और क्षेत्र में शांति बनाए रखें।

फिलहाल, ये पाकिस्तानी नोट हवा में उड़कर आया है या किसी ने जानबूझकर इसे खेत में गाड़ा है, यह पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। आप इस पूरी घटना को कैसे देखते हैं? क्या यह कोई साजिश है या महज शरारत? अपनी राय हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!