हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के बढ़ते जाल को तोड़ने के लिए पुलिस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति को 20.30 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर के थाना सदर क्षेत्र की पुलिस टीम बीती रात गश्त पर थी। इसी दौरान पट्टा फोरलेन पर पुलिस ने शक के आधार पर एक मारुति कार (HP 31-9489) को चैकिंग के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार चालक के कब्जे से 20.30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को जब्त कर आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान सीता राम पुत्र देवी राम के रूप में हुई है। आरोपी मंडी जिले के छपरोल गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसके नैटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, जिन्हें यह नशा सप्लाई किया जाना था।
मामले की पुष्टि करते हुए बिलासपुर के एसपी मदन धीमान ने बताया कि जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें दिन-रात निगरानी कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नशे के कारोबारियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर इस नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने इस लड़ाई में समाज के सहयोग को बेहद जरूरी बताया है। एसपी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि या नशा तस्करी का संदेह हो, तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। जनसहयोग से ही इस गंभीर समस्या पर काबू पाया जा सकता है।







