हिमाचल प्रदेश विधानसभा में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अपना नया बजट पेश कर दिया है। इस बार राज्य का कुल बजट 54,928 करोड़ रुपए तय किया गया है। ध्यान देने वाली बात यह है कि पिछले साल (58,514 करोड़ रुपए) की तुलना में इस बार बजट का आकार लगभग साढ़े तीन हजार करोड़ रुपए कम हो गया है। हालांकि, बजट कम होने के बावजूद सीएम ने आश्वस्त किया है कि विकास कार्यों पर ब्रेक नहीं लगेगा। प्रदेश में 300 लंबित परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 500 करोड़ रुपए का विशेष फंड जारी किया गया है। वहीं, किसानों के लिए ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्य में किसान आयोग गठन का ऐलान किया गया है, ताकि कृषि नीतियों को बेहतर बनाया जा सके और किसानों की आवाज को प्रमुखता मिले।
पशुपालकों की मौज, दूध खरीद में सीधे 10 रुपए का इजाफा
ग्रामीण आर्थिकी को मजबूत करने के लिए सुक्खू सरकार ने दूध की कीमतों में शानदार बढ़ोतरी की है। अब गाय का दूध 51 रुपए के बजाय 61 रुपए प्रति लीटर (MSP) के हिसाब से खरीदा जाएगा। वहीं, भैंस के दूध का रेट भी 61 रुपए से बढ़ाकर 71 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है। रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए गांवों में नई डेयरी समितियां खोली जाएंगी और इस वित्तीय वर्ष में इनकी संख्या को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है।
गद्दी समुदाय पर विशेष फोकस: 300 करोड़ से शुरू होगी ‘पहल योजना’
हिमाचल की संस्कृति और पशुपालन से जुड़े गद्दी समुदाय और चरवाहों के लिए बजट में खास प्रावधान किए गए हैं। इनके सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए ‘पहल योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके लिए 300 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। अब चरवाहों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, उन्हें सभी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ ऑनलाइन माध्यम से मिलेगा। इसके साथ ही, पशुपालन विभाग के ढांचे को और मजबूत करने के लिए 734 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है।
प्राकृतिक खेती करने वाले सवा दो लाख किसानों की हुई बल्ले-बल्ले
राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सीएम ने फसलों के एमएसपी (MSP) में भारी इजाफा किया है। प्रदेश में वर्तमान में 2 लाख 23 हजार लोग प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। इन किसानों की आय बढ़ाने के लिए गेहूं का एमएसपी 60 से 80 रुपए और मक्की का 40 से 50 रुपए कर दिया गया है। जनजातीय क्षेत्र पांगी घाटी के जौ का एमएसपी भी 60 से 80 रुपए तय हुआ है। सबसे बड़ा उछाल हल्दी के दामों में आया है, जिसका एमएसपी 90 रुपए से बढ़ाकर सीधा 150 रुपए प्रति किलो कर दिया गया है, जबकि अदरक का न्यूनतम मूल्य 30 रुपए प्रति किलो घोषित किया गया है।







