हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित पालमपुर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां भारी बारिश के बीच एक बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर करीब 500 फुट नीचे न्यूगल खड्ड में जा गिरी। इस भीषण हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार देर रात करीब 11 बजे की है। पालमपुर की बंदला पंचायत के तहत सौरभ वन विहार मार्ग पर छिड़ चौक से कुछ दूरी पर यह हादसा पेश आया। बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण विजिबिलिटी कम थी और सड़क पर फिसलन थी, जिसके चलते चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन सीधे गहरी खाई में जा समाया।
इस खौफनाक हादसे में 23 वर्षीय अभय (उर्फ अब्बू) पुत्र कुशल कुमार और 27 वर्षीय निशांत पुत्र सतीश कुमार की मौत हो गई। दोनों युवक बंदला गांव के ही रहने वाले थे। वहीं, हादसे में गाड़ी चला रहा वरुण (उर्फ बन्नू) पुत्र अशोक कुमार (निवासी बंदला) गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से उसे सिविल अस्पताल पालमपुर पहुंचाया गया। हालांकि, उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (टांडा) रैफर कर दिया गया है।
गांव के दो नौजवानों की अचानक मौत से पूरे बंदला और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद घटना पर स्थानीय नेताओं ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल और प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं और घायल युवक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।








