वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: मंडी में दिनदहाड़े बड़ी वारदात, सनकी ने 19 वर्षीय छात्रा की बेरहमी से ली जान, जंगल से किया गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र में एक 19 वर्षीय छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई है, जिससे पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान गोपालपुर (सरकाघाट) के नैण गांव निवासी सिया गुलेरिया पुत्री जोगिंद्र कुमार के रूप में हुई है। सिया हर रोज की तरह अपने घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, तभी यह खौफनाक वारदात हुई।

सिया के घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर ही सनकी युवक हुड से अपना चेहरा छिपाकर घात लगाए बैठा था। जैसे ही सिया वहां पहुंची तो आरोपी ने अचानक उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने पहले तेज हथियार (दराट) से सिया की बाजू पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और उसने छात्रा की गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे सिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस निर्मम वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के एसपी और एएसपी भी तुरंत सरकाघाट के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया और इसी बीच ग्रामीणों की मदद से आरोपी को जंगल से पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान विकास पटियाल (36) के रूप में हुई, जोकि सरकाघाट के गोपालपुर के पतयालग गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे वारदात में इस्तेमाल किया हथियार (दराट) भी बरामद कर लिया हैै।

इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे सरकाघाट क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने किस मकसद से इस वारदात को अंजाम दिया और क्या वारदात के समय उसके साथ कोई और मौजूद था या नहीं। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने को कहा है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!