हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार दोपहर अचानक पहाड़ी दरकने से प्रमुख मार्ग बाधित हो गया। यह घटना जिले के चुराह उपमंडल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत चांजू में चुरसियों के समीप दोपहर करीब 12:30 बजे घटी। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरने के कारण चांजू-बघेईगढ़ सड़क मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है, जिससे आवाजाही ठप्प पड़ गई।
गनीमत यह रही कि जिस समय पहाड़ी दरकी, उस दौरान वहां से कोई भी वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। समय रहते किसी की मौजूदगी न होने के कारण एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया और किसी भी प्रकार के जानमाल का नुक्सान नहीं हुआ। वहीं पहाड़ी के दरकने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के समय मौके पर मौजूद स्थानीय निवासियों ने बताया कि पहाड़ी से मलबा इतनी भारी मात्रा में गिरा है कि सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। घटना की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दे दी गई है। सूचना मिलते ही सड़क मार्ग को दोबारा सुचारू करने के लिए विभागीय मशीनरी मौके पर पहुंच गई है और मार्ग बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया है।







