वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: बद्दी में युवक की बेरहमी से हत्या, खेत में मिला शव, सिर पर गंभीर चोटों के निशान

हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत बिलांवाली लबाणा में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव मंगलवार को एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक के सिर पर गहरे और गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि हत्या बेहद क्रूरता के साथ की गई है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ओमकार चौधरी पुत्र दिलावर सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ओमकार के सिर पर किसी भारी और धारदार वस्तु से वार किया गया है, जिसके कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सूत्रों के मुताबिक सोमवार रात ओमकार का कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस को अंदेशा है कि इसी रंजिश या विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर लिया है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान स्वयं अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण सबूत एकत्रित किए हैं। एसपी विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी हैं। संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। कानून अपने हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध सूचना को तुरंत पुलिस के साथ सांझा करने की अपील की है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!