वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

VIDEO: ननद-भाभी ने बस स्टैंड पर सरेआम चप्पलों से पीट डाला कंडक्टर, जानें क्या है पूरा विवाद

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं बस स्टैंड पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो महिलाओं ने एक निजी बस कंडक्टर की बीच बाजार चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। सैंकड़ों यात्रियों और राहगीरों के सामने हुई इस छित्तर परेड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस में एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

पीड़ित कंडक्टर जोगिंद्र जो सुमाड़ी (घुमारवीं) का रहने वाला है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार को बस स्टैंड पर मौजूद था, तभी ननद और भाभी ने उसे रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों महिलाओं ने चप्पलें निकाल लीं और उसे पीटना शुरू कर दिया। जोगिंद्र का आरोप है कि इस हमले में उसके कपड़े फट गए और छीना-झपटी के दौरान उसके गले से सोने की चेन भी गायब हो गई। पीड़ित बार-बार अपना कसूर पूछता रहा, लेकिन महिलाएं रुकने को तैयार नहीं थीं।

इस मारपीट के पीछे की वजह बेहद पेचीदा बताई जा रही है। एक पक्ष का कहना है कि आरोपी महिला का उसके पति के साथ विवाद चल रहा है। महिला का पति और पीड़ित जोगिंद्र एक ही फर्म में साथ काम करते हैं। पति-पत्नी के आपसी झगड़े की गाज कंडक्टर पर गिर गई। वहीं, दूसरी ओर महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी इस हरकत के पीछे एक ठोस वजह है। महिला का दावा है कि जोगिंद्र ने उसके पति के कान भरे और उसके चरित्र पर लांछन लगाया। महिला के अनुसार कंडक्टर ने उसके पति से कहा था कि तुम्हारी पत्नी होटलों में जाती है, जिससे उसका बसा-बसाया घर बर्बादी की कगार पर पहुंच गया।

मामला शांत होने के बजाय थाने तक पहुंच गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। जहां कंडक्टर ने मारपीट और चोरी की शिकायत की है, वहीं महिला ने अपनी मर्यादा को ठेस पहुंचाने और मानहानि का आरोप लगाया है।

बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना ने कानून व्यवस्था और ‘ऑन द स्पॉट’ इंसाफ के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद चाहे जो भी हो, बीच सड़क पर इस तरह की मारपीट ने तमाशबीनों की भीड़ तो जुटा दी, लेकिन किसी की गरिमा को सरेआम तार-तार करना कहां तक जायज है?

फिलहाल, पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या वाकई कंडक्टर ने गलतफहमी पैदा की या महिलाएं अपनी निजी रंजिश का गुस्सा बेकसूर पर निकाल रही थीं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!