वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

माता वैष्णो देवी के दर्शन करने निकले परिवार के साथ बड़ी अनहोनी, 2 मासूम बच्चों की गई जान, पति-पत्नी समेत 3 गंभीर घायल

हिमाचल प्रदेश में एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है, जिसने पलभर में एक हंसता-खेलता परिवार उजाड़ कर रख दिया। हादसा मिलवां राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जिसमें 2 मासूम बच्चों की जान चली गई, जबकि बच्चों के माता-पिता सहित 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उक्त परिवार माता वैष्णो देवी के दर्शन और बेटे के मुंडन संस्कार के लिए निकला था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पठानकोट के गंदला लाहड़ी निवासी अंकित शर्मा अपनी पत्नी आरती शर्मा और दो बच्चों के साथ लुधियाना से यात्रा के लिए निकले थे। परिवार की योजना थी कि वे पठानकोट स्थित अपने घर पहुंचकर 8 महीने के बेटे के मामा को साथ लेंगे और फिर पूरी श्रद्धा के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए प्रस्थान करेंगे। रास्ते में उन्होंने दिल्ली से आ रही एक कार में लिफ्ट ली थी। इस कार में गुरुग्राम निवासी रवि कुमार भी सवार था।

जैसे ही कार मिलवां गांव के पास सरकारी कृषि फार्म के समीप पहुंची, चालक अचानक कार पर से संतुलन खो बैठा। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सफेदे के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में अंकित शर्मा के 8 माह के बेटे आर्थव और 9 वर्षीय बेटी आयत को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत मुकेरियां अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों बच्चों की हालत बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे में अंकित शर्मा, उनकी पत्नी आरती शर्मा और कार में सवार रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पठानकोट के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए इलाज जारी है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के प्रभारी भागा राम और मुख्य आरक्षी सुखदेव सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल दोनों बच्चों के शवों को मुकेरियां शवगृह में रखवा दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना ही इस दर्दनाक हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!