वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर ने हाथ जोड़कर माफी मांगी, कहा-भविष्य में ऐसी चूक दोबारा नहीं होगी; फौजियों को लेकर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

सोशल मीडिया पर सेना के जवानों को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद उपजा विवाद आखिरकार आपसी संवाद और सुलह के साथ समाप्त हो गया। सिरमौर जिले की रहने वाली इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर ने पूर्व सैनिक संगठन (राजगढ़ इकाई) के समक्ष सार्वजनिक रूप से हाथ जोड़कर माफी मांगी। अपनी गलती को स्वीकार करते हुए इशिता ने खेद प्रकट किया और आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी चूक दोबारा नहीं होगी।

बता दें कि इशिता पुंडीर ने सोशल मीडिया पर वीडियो सांझा किया था, जिसमें फौजियों को लेकर की गई कथित टिप्पणी ने पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों की भावनाओं को गहरा आहत किया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद विरोध की लहर दौड़ गई। पूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ इकाई ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना राजगढ़ में लिखित शिकायत दी थी। वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य महासचिव यदोपति ठाकुर ने भी एसपी सिरमौर को पत्र लिखकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि इशिता ने विवाद के बाद वीडियो डिलीट कर ऑनलाइन माफी भी मांगी थी, लेकिन विरोध का स्वर लगातार तेज बना हुआ था।

विवाद की गंभीरता को भांपते हुए इशिता पुंडीर अपने परिजनों के साथ राजगढ़ पहुंचीं और पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि “मैं हाथ जोड़कर देश के सभी फौजियों और देश-प्रदेशवासियों से माफी मांगती हूं। मेरी मंशा कभी भी फौजियों के अपमान की नहीं थी। यह मुझसे अनजाने में हुई गलती है, जिसका मुझे गहरा पछतावा है।”

इशिता की ओर से जताए गए इस खेद और माफीनामे के बाद पूर्व सैनिक संगठन ने बड़प्पन दिखाते हुए मामले को यहीं समाप्त करने का निर्णय लिया और राजगढ़ पुलिस थाने में दी गई शिकायत को वापस लेने का ऐलान किया। इस सुलह के साथ ही यह विवाद अब पूरी तरह खत्म हो गया है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!