वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल में रिश्तों को कलंकित करने वाली वारदात, कलयुगी भाई ने नाबालिग बहन के साथ कर डाली दरिंदगी

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाला एक बेहद खौफनाक और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को तार-तार करते हुए अपनी ही नाबालिग बहन का यौन शोषण कर डाला। मामले का खुलासा होने के बाद हमीरपुर महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऊना जिले की बंगाणा तहसील के बोट गांव निवासी रोहित कुमार (21) के रूप में हुई है। आरोपी ने अपनी नाबालिग बहन के साथ विश्वासघात किया और उसे बहला-फुसलाकर बार-बार अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले 17 और 18 फरवरी को वारदात को अंजाम दिया और उसके बाद 10 अप्रैल को फिर से पीड़िता का यौन शोषण किया।

लगातार हो रहे इस शारीरिक और मानसिक शोषण से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार चुप्पी तोड़ी। बीते वीरवार को उसने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को अपने साथ हो रही इस खौफनाक आपबीती की जानकारी दी। यह सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने तुरंत पुलिस का दरवाजा खटखटाया। परिजनों की शिकायत मिलते ही हमीरपुर महिला थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस की टीम ने दबिश दी और आरोपी रोहित को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।

इस बेहद संवेदनशील मामले की पुष्टि करते हुए एडिशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

इस खबर के सामने आने के बाद समाज के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जब बेटियां घर में ही सुरक्षित नहीं हैं तो बाहरी दुनिया से सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है? यह घटना न केवल रिश्तों के टूटने की गवाही है, बल्कि हमारे सामाजिक ढांचे की उस कड़वी हकीकत को भी दर्शाती है जहां रक्षक ही भक्षक बन रहे हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!