वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल में 66 साल के दूल्हे और 35 की दुल्हन की शादी बनी चर्चा का विषय, वायरल हुआ वीडियो

अक्सर शादियों में उम्र के फासले को लेकर समाज की अपनी एक धारणा होती है, लेकिन हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में हुई एक शादी ने इन तमाम बंधनों को दरकिनार कर दिया है। बंजार उपमंडल के थरिंबला गांव में 66 वर्षीय सोम देव ने 35 वर्षीय युवती के साथ विवाह कर न केवल अपने जीवन की नई पारी शुरू की है, बल्कि समाज के सामने एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर दिया है।

इस शादी में उम्र का फासला 31 साल का है, लेकिन सोम देव और उनकी दुल्हन ने उम्र से कहीं ज्यादा आपसी समझ, सहमति और एक-दूसरे के प्रति विश्वास को अहमियत दी है। इस अनोखे विवाह का फैसला जब सामने आया, तो गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। लोग इसे कहीं एक साहसिक कदम के रूप में देख रहे हैं, तो कहीं इस निर्णय को लेकर हैरानी भी जता रहे हैं।

सोशल मीडिया पर सोम देव और उनकी दुल्हन के नाचते हुए वीडियो काफी वायरल हो रहे हैं, जिन्हें लोग खूब देख और साझा कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, इस जोड़े ने करीब 20 दिन पहले बेहद सादगीपूर्ण माहौल में परिणय सूत्र में बंधने का फैसला लिया था। बिना किसी भारी-भरकम दिखावे और ताम-झाम के, केवल परिवार के सदस्यों और कुछ चुनिंदा करीबियों की मौजूदगी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ यह शादी संपन्न हुई।

यह शादी अब केवल एक व्यक्तिगत फैसला नहीं, बल्कि बहस का विषय बन गई है। यह रिश्ता समाज के सामने एक अहम सवाल छोड़ गया है कि क्या शादी जैसे जीवनसाथी के रिश्ते में उम्र का गणित सबसे बड़ा पैमाना है, या फिर दो लोगों के बीच आपसी तालमेल, सम्मान और सहमति ही असली मायने रखती है?

भले ही समाज की प्रतिक्रियाएं अलग-अलग हों, लेकिन यह जोड़ा अपनी नई शुरुआत के साथ यह संदेश देता नजर आ रहा है कि खुशियां तलाशने के लिए कोई उम्र तय नहीं होती।

नीचे क्लिक कर देखें वीडियो…

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!