हिमाचल प्रदेश के लाखों छात्रों के लिए राहत और उत्साह भरी खबर है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने आखिरकार कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं के परिणामों की घोषणा की तारीख तय कर दी है। बोर्ड प्रशासन द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार 12वीं के नतीजे 4 मई को सुबह 11 बजे जारी किए जाएंगे।
बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इस बार साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स तीनों संकायों के परिणाम एक ही समय पर घोषित किए जाएंगे। धर्मशाला स्थित बोर्ड मुख्यालय से नतीजों की औपचारिक घोषणा होगी, जिसके बाद विद्यार्थी अपना परिणाम आधिकारिक वैबसाइट पर देख सकेंगे। तीनों स्ट्रीम का रिजल्ट एक साथ आने से बोर्ड की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल रहेगी।
परीक्षा परिणाम के घोषित होने से पहले बोर्ड ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को आगाह किया है। बोर्ड ने साफतौर पर कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों या सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अनधिकृत वैबसाइटों पर भरोसा न करें। छात्र अपना रिजल्ट केवल बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट के माध्यम से ही चेक करें, जहां उन्हें रोल नंबर दर्ज करते ही अपना स्कोर कार्ड मिल जाएगा।
12वीं कक्षा के नतीजे न केवल बोर्ड परीक्षाओं का अंत हैं, बल्कि छात्रों के करियर की एक नई शुरुआत भी हैं। इसी अंकतालिका के आधार पर विद्यार्थी आगे चलकर उच्च शिक्षा, प्रोफेशनल कोर्सेज और विभिन्न करियर विकल्पों की राह चुनेंगे। यही कारण है कि परिणामों की घोषणा को लेकर छात्रों और अभिभावकों की धड़कनें तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें 4 मई की सुबह 11 बजे पर टिकी हैं, जब प्रदेश के लाखों छात्रों की मेहनत का फल उनके सामने होगा।








