हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब के जंगल में मिली युवती की अधजली लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। युवती की हत्या हिमाचल में नहीं, बल्कि हरियाणा के अंबाला में की गई थी। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए शव को कई किलोमीटर दूर हिमाचल लाकर पेट्रोल डालकर जला दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी संदीप कुमार निवासी जनकपुरी कॉलोनी, बराड़ा, अंबाला को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान अमनदीप के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्यूशन टीचर थी। पुलिस के मुताबिक मामला प्रेम प्रसंग का है। आरोपी संदीप और अमनदीप एक-दूसरे को जानते थे। संदीप ने अमनदीप को अंबाला स्थित अपने किराये के कमरे में बुलाया और धोखे से कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया। मौत होने के बाद उसने शव को एक बोरी में पैक किया और एक अनजान रेहड़ी वाले की मदद से उसे ठिकाने लगाने के लिए गाड़ी तक पहुंचाया।
कोलर पंचायत (धौलाकुआं) के जंगल में स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देखकर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस को मौके पर अधजला शव मिला। चूंकि युवती का चेहरा पूरी तरह नहीं जला था, इसलिए शिनाख्त आसान हो गई। हिमाचल और हरियाणा पुलिस के संयुक्त अभियान और CCTV फुटेज की मदद से आरोपी संदीप को दबोच लिया गया। फुटेज में वह रेहड़ी वाले के साथ शव वाला बैग ले जाता दिखा था।
DSP सुरेश कुमार ने बताया कि देर रात आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में संदीप का कहना है कि दोनों ने एक साथ जहर खाने का फैसला किया था, लेकिन वह पीछे हट गया। पुलिस इस दावे को संदिग्ध मान रही है। वहीं, उस रेहड़ी चालक से भी पूछताछ की गई है, जिसने बताया कि उसे बैग में शव होने की कोई जानकारी नहीं थी। उसे सिर्फ माल ढुलाई के पैसे दिए गए थे।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि इलाके में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। पहले हुई लूट की घटनाओं में सख्त कार्रवाई न होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस अब हत्या की असली वजह और अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।








