अक्सर समाज में पुलिस की सख्त छवि और खाकी के रौब की खबरें सामने आती रहती हैं, जिससे आम जनता के मन में पुलिस को लेकर एक डर बना रहता है…लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर हरियाणा पुलिस के एक जवान का वीडियो पूरे देश में तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने न सिर्फ खाकी का एक बेहद मानवीय चेहरा पेश किया है, बल्कि हर किसी का दिल भी जीत लिया है। लोग इस जांबाज पुलिसकर्मी को ‘वर्दी वाला बेटा’ कहकर सलाम कर रहे हैं।
मानवता की इस मिसाल को पेश करने वाले जांबाज का नाम संदीप मलिक है। संदीप हरियाणा पुलिस में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई ) के पद पर रोहतक के सुनारिया में तैनात हैं। हाल ही पश्चिम बंगाल चुनाव में ड्यूटी के लिए हरियाणा से पुलिस की 15 कंपनियां गई थी, जिनमें एक ये जांबाज संदीप मलिक हैं। अपनी पुलिस कंपनी के साथ बंगाल पहुंचे संदीप ने वहां जो किया, उसने साबित कर दिया कि भारत में मानवता और अपनापन हर सीमा से परे है।
चुनाव के दौरान पोलिंग बूथ पर जो भी बुजुर्ग, असहाय महिला या विकलांग व्यक्ति वोट डालने में असमर्थ दिखा, एएसआई संदीप मलिक ने उनकी मदद की। संदीप ने बिना किसी हिचकिचाहट के उन्हें अपनी गोद में उठाया, मतदान केंद्र के अंदर तक ले गए और वोट डलवाने के बाद वापस बाहर लाकर उनके परिजनों तक सुरक्षित छोड़ा।
वीडियो देखने वाले लोग संदीप की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। संदीप ने दूसरे राज्य की उन महिलाओं और बुजुर्गों की नि:स्वार्थ भाव से सेवा की, जिनसे उनका कोई वास्ता नहीं था। इस घटना ने यह साबित कर दिया है कि हरियाणवी लोग बेशक दिखने और बोलने में कड़क लगते हों, लेकिन अंदर से वे बेहद नरम और अपनेपन से भरे होते हैं। एक बेटे और भाई की तरह फर्ज निभाने वाले संदीप के इस काम को उनके माता-पिता द्वारा दिए गए बेहतरीन संस्कारों का नतीजा माना जा रहा है।
संदीप मलिक के इस नि:स्वार्थ काम पर आज पूरे हरियाणा और देश को गर्व है। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि हरियाणा पुलिस, प्रदेश के डीजीपी अजय सिंघल और रोहतक रेंज के डीआईजी सिमरदीप सिंह को अपने ऐसे जांबाज सिपाही पर गर्व होना चाहिए, जिन्होंने महकमे का सिर ऊंचा किया है।
बुद्धिजीवियों और आम जनता का मानना है कि सरकार और उच्च अधिकारियों को ऐसे पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर दुनिया के सामने लाना चाहिए। इससे न केवल दूसरे जवानों को प्रेरणा मिलेगी, बल्कि पुलिस की छवि को लेकर आम लोगों के मन में मौजूद शंकाएं भी हमेशा के लिए दूर हो जाएंगी। ड्यूटी से ऊपर मानवता को रखने वाले एएसआई संदीप मलिक के इस जज्बे को पूरा देश सलाम कर रहा है।
नीचे क्लिक कर देखें वीडियो…








