रात का वक्त… घर से बाहर किसी काम के लिए निकले चंद कदम और फिर अचानक मौत का दस्तक देना! हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक ऐसी ही दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। देहरा उपमंडल में एक 24 साल की जवान बेटी की जहरीले सांप के डंसने से मौत हो गई है। कल तक जिस घर में इस लाडली बेटी की हंसी गूंजती थी, आज वहां सिर्फ चीख-पुकार और मातम पसरा है।
यह खौफनाक वाकया देहरा पुलिस थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 24 वर्षीय युवती रात के समय किसी घरेलू काम से घर से बाहर आंगन की तरफ गई थी। कुछ ही मिनटों में जब वह वापस लौटी, तो अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में परिवार वालों को लगा कि शायद उसे कोई सामान्य घबराहट या कमजोरी हो रही है। लेकिन उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनकी बेटी के शरीर में जहर तेजी से दौड़ रहा है। देखते ही देखते जब उसकी हालत बिगड़ने लगी, तो परिवार के हाथ-पांव फूल गए।
आनन-फानन में परिजन उसे स्थानीय अस्पताल लेकर भागे। वहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बिना वक्त गंवाए उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज (टांडा) रेफर कर दिया। टांडा अस्पताल पहुंचकर जब डॉक्टरों ने युवती की गहन जांच की, तो उनके होश उड़ गए। युवती के पैर पर सांप के काटने के दो निशान साफ नजर आ रहे थे। तब जाकर परिवार को पता चला कि अंधेरे में किसी बेहद जहरीले सांप ने उनकी बेटी को अपना शिकार बना लिया था।
टांडा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम ने युवती की जान बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। एंटी-वेनम और तमाम जीवन रक्षक दवाइयां दी गईं, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जहर शरीर के अहम अंगों तक पहुंच चुका था और आखिर में इस जवान बेटी ने अस्पताल के बिस्तर पर ही दम तोड़ दिया। युवती की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, तो वहां सन्नाटा पसर गया। गांव वालों के मुताबिक, वह बेहद शांत और मिलनसार स्वभाव की थी। अचानक हुई इस घटना से हर कोई स्तब्ध है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारी नवदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली थी। टांडा में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है।








